scorecardresearch
 

8 साल का भरोसा तोड़ा, ज्वेलरी फैक्ट्री से सोना-हीरे चुराकर भागा कर्मचारी, 37 लाख का माल बरामद

सूरत में ज्वेलरी फैक्ट्री के एक पुराने कर्मचारी ने मालिक के 8 साल पुराने भरोसे को तोड़ते हुए लाखों रुपये के सोने के आभूषण और हीरे चोरी कर लिए. आरोपी मुंबई में अपना कारोबार शुरू करना चाहता था. सूरत क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर करीब 37.17 लाख रुपये का चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया.

Advertisement
X
111 ग्राम सोना और सैकड़ों हीरे बरामद.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)
111 ग्राम सोना और सैकड़ों हीरे बरामद.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

गुजरात के सूरत में हीरा और ज्वेलरी उद्योग से जुड़ा विश्वासघात का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक पुराने कर्मचारी ने मालिक के वर्षों पुराने भरोसे का फायदा उठाकर फैक्ट्री से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और हीरे चोरी कर लिए. आरोपी का मकसद मुंबई में अपना खुद का ज्वेलरी कारोबार शुरू करना था, लेकिन उससे पहले ही सूरत क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है. बरामद सामान की कुल बाजार कीमत करीब 37.17 लाख रुपये बताई गई है. मामले में आगे की जांच जारी है कि आरोपी के साथ कोई और शामिल था या नहीं. यह मामला महिधरपुरा इलाके के भवानीवाड मेन रोड स्थित 'सांधा ज्वेल्स' फैक्ट्री का है, जहां सोने के आभूषणों में हीरे जड़ने का काम होता है.

यह भी पढ़ें: सूरत: महिला को बैठाते ही ऑटो पर टूटी बेकाबू कार, CCTV में कैद हुआ ऐसा मंजर, देखकर कांप उठेंगे

8 साल तक काम किया, फिर दोबारा नौकरी लेकर रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजुब साध्य उर्फ बप्पन पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पांडुआ का रहने वाला है. वह वर्ष 2016 से 2022 तक फैक्ट्री में लगातार काम कर चुका था. लंबे समय तक नौकरी करने के कारण फैक्ट्री मालिकों को उस पर पूरा भरोसा था और उसे फैक्ट्री के अंदर की व्यवस्था तथा कीमती सामान रखने की जगह की पूरी जानकारी थी.

Advertisement

वर्ष 2022 में नौकरी छोड़ने के बाद आरोपी 3 जून 2026 को दोबारा उसी फैक्ट्री में नौकरी करने पहुंचा. पुराने भरोसे के चलते मालिकों ने उसे फिर से काम पर रख लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले से ही चोरी की योजना बनाकर फैक्ट्री लौटा था.

सूरत

17 जून 2026 की सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच मौका मिलते ही आरोपी सोने के आभूषण और हीरे लेकर फरार हो गया. इसके बाद फैक्ट्री मालिक ने महिधरपुरा पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया.

CCTV में कैद हुई चोरी की पूरी वारदात

फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में आरोपी फैक्ट्री की सीढ़ियों से ऑफिस की ओर जाता दिखाई देता है. कुछ ही मिनटों में वह ड्रॉवर से सोने के आभूषण और हीरे निकालकर वहां से फरार हो जाता है.

फैक्ट्री मालिक प्रदीप कुमार चंद्रनाथ माइती ने पुलिस को बताया कि 16 जून की रात फैक्ट्री मैनेजर नियत समय पर चले गए थे. आरोपी संजुब ने सोना और हीरे अपने लॉकर में रखे और वह भी चला गया.

अगले दिन सुबह 8:17 बजे मैनेजर ने आरोपी से लॉकर से आभूषण निकालकर काम शुरू करने को कहा. इसके बाद मैनेजर ऊपर की मंजिल पर चले गए. इसी दौरान आरोपी कुछ ही मिनटों में कीमती सामान लेकर भाग निकला. करीब 10 मिनट बाद जब मैनेजर लौटे तो आरोपी और लॉकर में रखा सोना-हीरा दोनों गायब थे.

Advertisement

सूचना मिली, जाल बिछाया और आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान सूरत क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर एस.एन. परमार और उनकी टीम को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के बाद मुंबई भाग गया था, लेकिन वह छिपाकर रखा गया माल लेने या किसी अन्य काम से दोबारा सूरत आने वाला है.

सूचना के आधार पर पुलिस ने वराछा एल.एच. रोड गरनाला स्थित जे.बी. डायमंड सर्कल के पास जाल बिछाया और आरोपी संजुब साध्य उर्फ बप्पन को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 37 लाख 17 हजार 460 रुपये आंकी गई है.

111 ग्राम सोना और सैकड़ों हीरे बरामद

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में 11 सोने की अंगूठियां (33.980 ग्राम व्हाइट गोल्ड), दो सोने के कंगन, दो रोज गोल्ड पेंडेंट, एक सोने का ब्रेसलेट और तीन सोने के लटकन शामिल हैं.

इसके अलावा 45.19 कैरेट के 674 प्राकृतिक तैयार हीरे, 15.80 कैरेट के 26 सीवीडी हीरे, एक सैमसंग मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. पूरे बरामद माल की कीमत करीब 37.17 लाख रुपये बताई गई है.

सूरत

DCP बोले- मुंबई में कारोबार शुरू करने के लिए की थी चोरी

सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि आरोपी 17 जून को फैक्ट्री से करीब 111 ग्राम सोने के आभूषण और सैकड़ों हीरे चोरी कर फरार हुआ था. इस मामले की जांच महिधरपुरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें संयुक्त रूप से कर रही थीं.

Advertisement

उन्होंने बताया कि आरोपी वर्ष 2009 में सूरत आया था और ज्वेलरी उद्योग में काम करता था. वर्ष 2016 से 2022 तक वह इसी फैक्ट्री में काम कर चुका था. करीब 15 दिन पहले वह दोबारा नौकरी पर लौटा और शुरुआत से ही चोरी की योजना बनाकर आया था.

डीसीपी के मुताबिक आरोपी मुंबई में अपना खुद का ज्वेलरी कारोबार शुरू करना चाहता था. इसके लिए वह फैक्ट्री से चोरी किए गए सोने और हीरों का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा था. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और शामिल था या नहीं और आरोपी ने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement