सूरत के पॉश इलाके वेसू में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. इस पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो हवा में उछलकर पलट गया. हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया.
यह हादसा वेसू के वाइट हाउस के पास मुख्य मार्ग पर हुआ. जानकारी के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा चालक सड़क से गुजर रहा था. तभी एक महिला यात्री ने ऑटो रुकने का इशारा किया. महिला को देखकर चालक ने सावधानीपूर्वक सड़क के किनारे ऑटो खड़ा किया ताकि वह आराम से उसमें बैठ सके.
ऑटो में बैठते ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार
CCTV फुटेज के अनुसार, जैसे ही महिला ऑटो में बैठी, उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया. आरोप है कि ब्रेक लगाने के बजाय कार सीधे खड़े ऑटो से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो हवा में उछल गया और सड़क पर पलट गया. हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए.
कार भी 180 डिग्री घूमकर पलट गई
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑटो को टक्कर मारने के बाद डस्टर कार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर करीब 180 डिग्री घूम गई और पलट गई. पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई और CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने सबसे पहले पलटे हुए ऑटो को सीधा करने की कोशिश की. ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और दरवाजा दब जाने के कारण चालक अंदर फंस गया था.
ऑटो काटकर बाहर निकाला गया चालक
स्थानीय युवाओं ने काफी मशक्कत के बाद ऑटो के अगले हिस्से को काटकर और तोड़कर चालक को बाहर निकाला. चालक गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर तथा सिर से काफी खून बह रहा था. लोगों ने सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई.
हादसे के समय ऑटो की पिछली सीट पर बैठी महिला यात्री भी उसमें मौजूद थी. राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस हादसे में उसकी जान बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है.
कार को सीधा किया, लेकिन चालक फरार मिला
दुर्घटना के बाद लग्जरी कार नंबर GJ 05 JK 5559 भी सड़क के बीचोंबीच पलटी हुई खड़ी थी. मौके पर मौजूद करीब 10 से 15 लोगों ने मिलकर कार को सीधा किया. जब लोगों ने कार के अंदर देखा तो चालक वहां मौजूद नहीं था. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वह अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया.
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पैरामेडिकल टीम ने घायल ऑटो चालक को प्राथमिक उपचार देने के बाद सूरत सिविल अस्पताल पहुंचाया. घायल की पहचान 38 वर्षीय सूरजभान गुप्ता के रूप में हुई है. उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और काफी खून बहने के कारण उनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है.
पूरी दुर्घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में तेज रफ्तार कार की टक्कर, ऑटो के पलटने और हादसे के बाद लोगों द्वारा राहत कार्य किए जाने के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं. वहीं कार चालक के मौके से फरार होने की घटना भी चर्चा का विषय बनी हुई है.