गुजरात के सूरत में भारी बारिश और खाड़ी में आई बाढ़ के बाद अब जैसे-जैसे पानी उतर रहा है, वैसे-वैसे जहरीले सांप रिहायशी इलाकों में दिखाई देने लगे हैं. इसी बीच अडाजन इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों के होश उड़ा दिए. यहां करीब 3 लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक के अंदर एक जहरीला कोबरा छिपा मिला.
घटना गुजरात गैस सर्कल के पास की है. बताया जा रहा है कि बाइक मालिक जैसे ही अपनी TVS Apache RR 310 स्पोर्ट्स बाइक स्टार्ट करने पहुंचे, तभी इंजन और हेडलाइट के पास सांप नजर आया. कोबरा को देखते ही बाइक चालक घबरा गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: 'मैं तो बस देख रहा था...' सूरत में यात्री ने खोल दिया इंडिगो फ्लाइट का इमरजेंसी गेट, मची अफरातफरी
कुछ ही देर में घटना की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंच गई. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. सड़क पर कुछ देर के लिए दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया.
इंजन और हेडलाइट के बीच फंसा था कोबरा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जहरीला कोबरा बाइक के फेयरिंग बॉडी, हेडलाइट और इंजन के पिछले हिस्से के बीच बेहद पेचीदा तरीके से छिपा हुआ था. सांप ऐसी जगह पर था, जहां तक पहुंचना आसान नहीं था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सूरत के स्नेक रेस्क्यूअर धवल भंडारी को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
रेस्क्यू के दौरान कोबरा लगातार बाइक के अलग-अलग हिस्सों के बीच सरकता रहा. इससे ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया. टीम ने बेहद धैर्य और सावधानी के साथ पूरे अभियान को आगे बढ़ाया.
घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया कोबरा
धवल भंडारी और उनकी टीम ने स्नेक स्टिक, टॉर्च और अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से कोबरा को बाहर निकालने की कोशिश की. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार जहरीले कोबरा को बिना कोई चोट पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
देखें वीडियो...
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सावधानीपूर्वक एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया गया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और बाइक मालिक ने राहत की सांस ली. पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर खड़े रहे.
रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग स्नेक कैचर की सूझबूझ और साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
वन विभाग के नियमों के तहत जंगल में छोड़ा जाएगा कोबरा
रेस्क्यू टीम ने बताया कि बारिश और बाढ़ के बाद अक्सर जहरीले सांप सुरक्षित ठिकानों की तलाश में वाहनों, घरों और इमारतों में घुस जाते हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.
रेस्क्यू किए गए कोबरा को वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा. इससे न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के नियमों का भी पालन होगा.
विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में वाहन स्टार्ट करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए. खासकर अगर वाहन लंबे समय तक खड़ा रहा हो, तो इंजन और पहियों के आसपास एक बार जरूर देख लेना चाहिए.