गुजरात के सूरत शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. रांदेर इलाके में सड़क किनारे खुदाई के दौरान बने गड्ढे में एक कार फंस गई. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया. लोगों का कहना है कि कार को क्रेन से बाहर निकालने के बजाय उसके आसपास ही पत्थर, रेत और गिट्टी डालकर सड़क को भर दिया गया. इस अनोखे तरीके को लेकर नगर निगम को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार रांदेर इलाके में सड़क किनारे खुदाई का काम चल रहा था. इसी दौरान एक कार सड़क के किनारे बने गड्ढे में फंस गई. कार गड्ढे में फंसने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. वीडियो में दिखाई देता है कि कार गड्ढे में फंसी हुई है और उसके आसपास मरम्मत का काम किया जा रहा है.
कार निकालने के बजाय भर दिया गड्ढा
घटना के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हुई कि कार को पहले बाहर निकालने के बजाय उसके नीचे और आसपास पत्थर, रेत और गिट्टी डालकर सड़क को समतल किया गया. इस तरीके को देखकर लोगों ने सवाल उठाए और सोशल मीडिया पर नगर निगम की कार्यशैली की आलोचना शुरू कर दी. इस मामले में महानगरपालिका के कार्यकारी अभियंता मेघावी देसाई ने बताया कि सुबह घटना होने के बाद कार चालक वहां से चले गए थे.
उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम लगभग 30 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और सड़क के अधिकांश हिस्से को वाहनों के चलने योग्य बना दिया. कार्यकारी अभियंता के अनुसार नगर निगम ने कार मालिक से संपर्क किया और वाहन हटाने के लिए कहा. लेकिन कार मालिक ने बताया कि वह पहले मोटर इंश्योरेंस क्लेम की प्रक्रिया पूरी करेंगे और उसके बाद ही कार को वहां से हटाएंगे.
नगर निगम के अनुसार शाम को जब कार मालिक ने वाहन हटा लिया, तब टीम ने बचा हुआ हिस्सा भी लगभग 30 मिनट के भीतर ठीक कर सड़क को पूरी तरह वाहनों के लिए तैयार कर दिया. महानगरपालिका के कार्यकारी अभियंता मेघावी देसाई ने स्पष्ट किया कि जिस जगह खुदाई हुई थी, वह काम नगर निगम का नहीं था. उनके अनुसार यह खुदाई गुजरात गैस कंपनी द्वारा कराई गई थी.
घटना के तुरंत बाद गुजरात गैस कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है और लापरवाही के लिए निर्धारित जुर्माना भी लगाया जाएगा. कार के गड्ढे में फंसने और उसके आसपास सड़क भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
लापरवाही पर गुजरात गैस को भेजा नोटिस
फिलहाल नगर निगम का कहना है कि सड़क को तय समय में दोबारा वाहनों के चलने योग्य बना दिया गया है और जिस एजेंसी ने खुदाई की थी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं यह पूरा मामला अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.