गुजरात के मोरबी में एक सड़क हादसे का बेहद खौफनाक CCTV सामने आया है. मालिया-कच्छ नेशनल हाईवे पर भेड़-बकरियों का झुंड गुजर रहा था, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में 23 भेड़ों और 2 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 30 भेड़ें घायल हैं. भेड़-बकरियों के मालिक ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मालिया पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. अब इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है.
मामला मालिया पुलिस थाना क्षेत्र का है. कच्छ जिले के भचाऊ के जंगी गांव के रहने वाले विभाभाई रबारी अपनी भेड़-बकरियां लेकर जा रहे थे. तभी मालिया नेशनल हाईवे पर एक ट्रक ने झुंड को टक्कर मार दी. शिकायत में विभाभाई ने ट्रक ड्राइवर उस्मान मोहम्मद रमजान नाइच पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने और भेड़-बकरियों को टक्कर मारने का आरोप लगाया है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि 23 भेड़ों और 2 बकरियों की मौके पर मौत हो गई.
यहां देखें Video
30 भेड़ें घायल हो गईं. हादसे के बाद सड़क पर जानवरों के घायल होने और मारे जाने की तस्वीरें सामने आईं. इसी बीच हादसे का CCTV फुटेज भी वायरल हो गया. अब पुलिस इस फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. विभाभाई रबारी के मुताबिक, इस हादसे में उन्हें करीब 60 से 65 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. उनके लिए ये सिर्फ जानवर नहीं थे. भेड़-बकरियों का पालन ही उनकी रोजी-रोटी का जरिया है.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोसाइटी गेट से टकराया बेकाबू ट्रक, CCTV में कैद हुआ हादसे का खौफनाक मंजर
एक हादसा हुआ और देखते ही देखते उनका बड़ा नुकसान हो गया. अब मामला पुलिस तक पहुंच चुका है. मालिया पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और ये भी देखा जा रहा है कि टक्कर किस तरह हुई. फिलहाल इस हादसे की तस्वीर CCTV में कैद है. एक तरफ सड़क पर चलता भेड़-बकरियों का झुंड. दूसरी तरफ तेज रफ्तार में आता ट्रक. और फिर कुछ ही सेकेंड में 25 जानवरों की मौत... सवाल है कि हादसे के वक्त ट्रक की रफ्तार कितनी थी और आखिर टक्कर कैसे हुई. इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा.