scorecardresearch
 

रस्सी से हाथ बांधे, फिर बीच सड़क पुलिस ने 18 आरोपियों को मारे डंडे और लगवाई उठक-बैठक, वीडियो

पाटन के झीलिया गांव में फार्महाउस पर हमले के मामले में पुलिस ने 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों का जुलूस निकालकर उनसे सार्वजनिक माफी मंगवाई गई. घटना मंदिर के चंदे को लेकर पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. मामले में पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई करते हुए निलंबन किया गया है

Advertisement
X
पुलिस ने बीच सड़क डंडों से पीटा (Photo: Screengrab)
पुलिस ने बीच सड़क डंडों से पीटा (Photo: Screengrab)

गुजरात के पाटन जिले के चाणस्मा तालुका के झीलिया गांव में फार्महाउस पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. इस मामले में कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर हथियारों के साथ तोड़फोड़ और आतंक फैलाने का आरोप है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा था.

जानकारी के अनुसार, झीलिया गांव के एक फार्महाउस पर 15 से 20 लोगों की भीड़ अचानक हथियारों के साथ पहुंची और हमला कर दिया. हमलावरों ने फार्महाउस के गेट और दीवारों को नुकसान पहुंचाया और वहां मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकी दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह हमला मंदिर के चंदे को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के कारण किया गया था.

पाटन फार्महाउस कांड में 18 आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता जहु शंकर ठाकोर समेत 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकाला, जो चाणस्मा पुलिस स्टेशन से बस डिपो तक निकाला गया. इस दौरान आरोपियों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई. जुलूस के दौरान एक तरफ पुलिस की लाठियां चल रही थीं, तो दूसरी तरफ आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे. आरोपी बार-बार कहते रहे कि उनसे गलती हो गई और उन्हें माफ कर दिया जाए. इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

Advertisement

इसके बाद पुलिस आरोपियों को झीलिया गांव के उसी फार्महाउस पर लेकर गई, जहां घटना हुई थी. वहां पूरे मामले का रीकंस्ट्रक्शन कराया गया, ताकि यह समझा जा सके कि हमला किस तरह से किया गया था. इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने सख्त संदेश देने की कोशिश की. इस मामले में चाणस्मा पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई थीं. जांच के दौरान पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और वाहनों की जानकारी जुटा रही है.

मंदिर चंदा विवाद में फार्महाउस पर हमला

पुलिस ने सभी आरोपियों को पाटन कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 23 मार्च तक यानी पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है. इस दौरान पुलिस आरोपियों से और जानकारी हासिल करेगी. सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इस घटना में और कौन लोग शामिल थे और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था.

वहीं इस घटना के बाद पुलिस विभाग पर भी सवाल उठे हैं. पाटन एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चाणस्मा पुलिस स्टेशन के तीन अधिकारियों और पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित अधिकारियों में PI आर. एच. सोलंकी, ASI हरेश अर्जनभाई और HC संजय मोहनलाल शामिल हैं. इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात पांच GRD जवानों को भी सेवा से हटा दिया गया है. फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement