scorecardresearch
 

गुजरात में मॉनसून की बढ़ी स्पीड! 24 घंटे में 62 तालुकों में बारिश, बालासिनोर में 5.75 इंच बरसा पानी

Gujarat Weather: गुजरात में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है. पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य गुजरात के 62 तालुकों में बारिश हुई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई करने वाले किसानों को काफी राहत मिली है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
Gujarat Monsoon Rain Update (File Photo- PTI)
Gujarat Monsoon Rain Update (File Photo- PTI)

लंबे समय से बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी से परेशान गुजरात में आखिरकार मॉनसून ने जोरदार रफ्तार पकड़ ली है. पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य गुजरात के 62 तालुकों में बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा बारिश महीसागर जिले के बालासिनोर में हुई है, जहां 5.75 इंच पानी बरसने से पूरा इलाका जलमग्न हो गया.

मौसम विभाग के अनुसार, भिलोडा में 2.9 इंच, सतलासणा में 2.8 इंच और धनसुरा में 2.6 इंच बारिश हुई. अरावली जिले के मोडासा, भिलोडा, बायड और मेघरज में रातभर लगातार बारिश होती रही. खेड़ा जिले में भी मॉनसून ने अच्छी दस्तक दी है. गलतेश्वर में 2.2 इंच और कपडवंज में 2.1 इंच बारिश दर्ज की गई है. दहेगाम शहर और आसपास के गांवों में देर रात से ही हल्की बारिश शुरू हो गई.

बारिश से खिले किसानों के चेहरे
खेड़ा जिले के कठलाल और महुधा तालुका के ग्रामीण इलाकों में हुई झमाझम बारिश ने न सिर्फ मौसम को ठंडा कर दिया है बल्कि किसानों के चेहरे पर मुस्कान भी लौटा दी. खरीफ फसलों की बुवाई का इंतजार कर रहे किसान अब राहत की सांस ले रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि यह बारिश उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.

Advertisement

गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट
पिछले कई दिनों से असहनीय गर्मी और उमस से परेशान लोग इस बारिश से काफी राहत महसूस कर रहे हैं. सुबह-सुबह ठंडी हवाएं और खुशनुमान मौसम से लोगों के चेहरों पर मुस्कुराहट साफ दिखाई दी.

इन जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, महीसागर, दाहोद, पंचमहाल, खेड़ा, गांधीनगर,अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, मेहसाणा, भरूच समेत तमाम इलाकों में 18 जून के लिए भी हल्की से मध्यम तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

वहीं, अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है. दिन में बादल छाए रहेंगे और हल्की-मध्यम बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement