scorecardresearch
 

हाईवे पर पलटा टैंकर, खाई में गिरा तो बह गया अंदर भरा खतरनाक कैमिकल

गुजरात के अहमदाबाद-वडोदरा नेशनल हाईवे पर केमिकल से भरा टैंकर खाई में गिरने से हड़कंप मच गया. टैंकर से ज्वलनशील केमिकल का रिसाव शुरू होने के बाद आग लगने का खतरा पैदा हो गया. प्रशासन, फायर ब्रिगेड और विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

Advertisement
X
हाईवे पर पलटा टैंकर (Photo: itg)
हाईवे पर पलटा टैंकर (Photo: itg)

गुजरात में अहमदाबाद-वडोदरा नेशनल हाईवे 48 पर आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर दावड़ा ब्रिज से करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरा. टैंकर में लगभग 30,000 लीटर Methyl Methacrylate नामक अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल भरा था. टैंकर वडोदरा से अहमदाबाद की ओर जा रहा था, तभी दावड़ा ब्रिज के पास यह हादसा हुआ.

 पलटने के बाद टैंकर से केमिकल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया और हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल एक्शन मोड में आ गया. नडियाद फायर ब्रिगेड की टीम दो वॉटर ब्राउज़र के साथ तुरंत मौके पर पहुंची ताकि किसी भी तरह की आग को रोका जा सके.

​हाईवे पेट्रोल, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस के साथ गांव के मामलतदार भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे. वडोदरा रिफाइनरी से एक विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है. यह टीम रिसाव को रोकने और बचे हुए केमिकल को दूसरे सुरक्षित टैंकर में शिफ्ट करने का काम करेगी. केमिकल शिफ्ट होने के बाद भारी क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को खाई से बाहर निकाला जाएगा.

Advertisement

इस भीषण हादसे में गनीमत यह रही कि किसी भी तरह की जानहानि नहीं हुई है. फिलहाल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement