scorecardresearch
 

Gujarat Rains: सड़कें जलमग्न, घरों-दुकानों में घुसा पानी...गुजरात में भारी बारिश का कहर, सूरत में स्कूल बंद

Gujarat Weather: गुजरात में भारी बारिश के कारम सड़कों पर जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं. मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बारिश के अलर्ट के बीच सूरत में आज स्कूल बंद हैं.

Advertisement
X
waterlogged due to Heavy rainfall in many areas (File Photo- PTI)
waterlogged due to Heavy rainfall in many areas (File Photo- PTI)

गुजरात में मॉनसून की बारिश ने कहर बरपाया है. वडोदरा, सूरत, वापी, नवसारी समेत कई शहरों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. कहीं सड़कें दरिया बन गईं तो कहीं गाड़ियां पानी में फंसी दिखीं. वहीं, कुछ जगहों पर पेड़ गिरने से भी अफरातफरी मची. इस बीच मौसम विभाग ने 7 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक,  7 जुलाई (मंगलवार) को उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है. दक्षिण गुजरात में ज्यादातर जगहों पर भारी  बारिश होगी. सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दादरा और नगर हवेली, दमन , भावनगर, नर्मदा, भरूच और अमरेली में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में कई जगहों पर मध्यम आंधी-तूफान के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. जबकि 8 जुलाई को डांग, नवसारी, वलसाड, दादरा-नगर हवेली और दमन में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 

25 हज़ार करोड़ रुपये का बजट... फिर भी बारिश में मुंबई की ये दुर्गति कैसे हो गई?
 

Advertisement

वडोदरा में लगातार हो रही भारी बारिश से रावपुरा, नागरवाड़ा, मुक्तानंद, पत्थरगेट और मांडवी समेत कई इलाके जलमग्न है. कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जबकि मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

सूरत में भी हालात बेहद खराब दिखाई दिए. सूरत-नवसारी रोड पर भारी जलभराव देखने को मिला. पुराने आरटीओ के पास सोमवार को पानी से भरे गड्ढे में एक बस फंस गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. वहीं, सूरत में एक विशाल पेड़ चलती कार पर गिर गया, जिसमें कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाया. वापी में भी सड़कें नदी में तब्दील हो गईं. कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित रही. फिलहाल गुजरात के कई जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है. 

भारी बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी 
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए सूरत के जिला शिक्षाधिकारी,डॉ. भगीरथसिंह परमार ने 7 जुलाई को जिला स्तर से मिले निर्देश के अनुसार स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. 

बता दें कि दक्षिण गुजरात में सोमवार को जोरदार बारिश दर्ज की गई है. सूरत जिले के कामरेज तालुका में सबसे ज्यादा बारिश हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

Advertisement

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक 14 घंटों में कामरेज तालुका में 154 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद सूरत शहर में 122 मिलीमीटर, वलसाड के पारडी में 115 मिलीमीटर, वापी में 111 मिलीमीटर, नानापोंडा में 110 मिलीमीटर, पाटन के राधनपुर में 107 मिलीमीटर और महिसागर के खानपुर में 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement