जंगल की दुनिया अक्सर हमें डर और ताकत की कहानियां सुनाती है, लेकिन कभी-कभी वही जंगल हमें रिश्तों की सबसे खूबसूरत तस्वीर भी दिखा देता है. ऐसा ही एक नजारा गुजरात के गिर नेशनल पार्क से सामने आया है यहां ‘जंगल का राजा’ अपने शावकों के साथ एक अलग ही रूप में नजर आया.
वीडियो की शुरुआत होती है एक खास पल से, जिसमें एक नर शेर आराम से बैठा हुआ है. उसके आसपास उसके दो छोटे-छोटे शावक हैं... ऊर्जा से भरे, जिज्ञासा से भरे और शरारत से लबालब.
एक शावक खेलते-खेलते जमकर शरारत करता है. वह उछलकर सीधे अपने पिता की पीठ पर चढ़ जाता है, जैसे कोई बच्चा अपने पापा के कंधों पर सवारी कर रहा हो. वहीं दूसरा शावक सामने आकर अटेंशन पाने की कोशिश करता है- कभी पंजा मारकर, कभी उनकी अयाल (केशराशि) से खेलकर.
यहां देखें Video
शुरुआत में 'पापा शेर' इस शरारत को नजरअंदाज करता है. उसकी आंखों में एक स्नेहिल शांति दिखाई देती है, मानो वह बच्चों की हरकतों को समझ रहा हो. लेकिन जब शरारत कुछ ज्यादा बढ़ जाती है, तो अचानक उसका रुख बदलता है.
वह हल्की सी गुर्राहट के साथ शावक को टोकता है- एक ऐसा इशारा, जो प्यार और अनुशासन के बीच की रेखा को साफ कर देता है. यह देख शावक तुरंत समझ जाता है कि अब सीमा पार हो चुकी है. वह धीरे से नीचे उतरता है और चुपचाप वहां से हट जाता है.
यह भी पढ़ें: अलवर: बाघिन एसटी-30 तीन शावकों के साथ खाना खाते दिखी, अठखेलियां देख लोग बोले- वाह, Video
इस पूरे सीन में जो सबसे खास है, वह है एक पिता का संतुलन, जहां वह अपने बच्चों को खुलकर खेलने देता है, लेकिन समय आने पर उन्हें सही रास्ता भी दिखाता है.
गिर जंगल में अक्सर मां और शावकों के वीडियो देखने को मिलते हैं, लेकिन पिता और शावकों के बीच इस तरह का स्नेहभरा नजारा बहुत कम देखने को मिलता है. पर्यटकों के लिए यह खास है. वन विभाग के एक कर्मचारी के अनुसार, यह वीडियो पिछले सप्ताह का है. शावकों की उम्र करीब 6 से 8 महीने के बीच है. वह उम्र जब वे धीरे-धीरे जंगल के नियम सीखना शुरू करते हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लोग इसे जंगल का प्यारा फैमिली मोमेंट बता रहे हैं.