scorecardresearch
 

एकाएक पेट दर्द और उल्टी... शादी में खाना खाते ही 200 लोग बीमार, मची अफरातफरी

गुजरात के दाहोद जिले के अभलोड गांव में एक शादी समारोह के बाद बड़ा फूड पॉइजनिंग कांड सामने आया है. शादी में भोजन करने के बाद 200 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.    

Advertisement
X
शादी में खाना खाते ही 200 लोग बीमार (Photo: itg)
शादी में खाना खाते ही 200 लोग बीमार (Photo: itg)

गुजरात के दाहोद जिले के अभलोड गांव में एक शादी समारोह के बाद उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खाना खाने वाले सैकड़ों लोग अचानक बीमार पड़ने लगे. जानकारी के मुताबिक, भरतभाई राठौड़ के यहां आयोजित इस शादी में शामिल हुए करीब 200 से अधिक लोगों को फूड पॉइजनिंग की शिकायत हुई है.

बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे शादी का डिनर शुरू हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं. देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की होड़ लग गई.

मरीजों को 108 एम्बुलेंस सेवा के साथ-साथ निजी वाहनों की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. ज़ाइडस अस्पताल में 50 से ज्यादा मरीजों का इलाज जारी है, जबकि 150 से अधिक लोग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं. इसके अलावा गांव में ही डॉक्टरों की टीम ने करीब 200 लोगों का प्राथमिक उपचार किया.

शादी के भोजन में दाल-चावल, शाकपुरी, पनीर की सब्जी और आम का जूस परोसा गया था. प्रारंभिक तौर पर आम के जूस या पनीर की सब्जी को फूड पॉइजनिंग की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने खाने के नमूने लेकर लैब भेज दिए हैं. वहीं, स्थानीय विधायक भी अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना.

फिलहाल कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 
 Input: ध्रुव गिरी/ अजय गिरी

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement