कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मिशन गुजरात पर हैं. द्वारका पहुंचे राहुल ने यहां जीएसटी, नोटबंदी को बेरोजगारी के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो वादें करती है, उसे निभाती जरूर है.
राहुल गांधी ने कहा, मोदी जी ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, बताइए अब तक कितने लोगों को नौकरी मिली. आज देश में रोजगार नहीं. देश का युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है.' राहुल गांधी ने कहा, 'हिन्दुस्तान का युवा काम करना चाहता है, देश को बनाना चाहता है. बीजेपी की सरकार उसे रोजगार नहीं दे पा रही.'
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इसके साथ ही नोटबंदी और जीएसटी जैसे फैसलों को लेकर भी नरेंद्र मोदी सरकार पर प्रहार किया. उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी जी ने बिना किसी से पूछे, हिन्दुस्तान की इकोनॉमी पर जबरदस्त आक्रमण किया और वहीं नहीं रुके, जो छोटे दुकानदार- व्यापारी हैं उन्हें चोट लगी और फिर जीएसटी आया.' उन्होंने कहा, 'हिन्दुस्तान में जो कमजोर, गरीब हैं... उनके लिए इनके (PM) दिल में जगह नहीं, लेकिन अमीरों के लिए सब दरवाजे खोल देते हैं. जीएसटी से छोटे दुकानदारों की मुसीबतें बढ़ी हैं, बस 4-5 बड़ी कंपनियों को फायदा हुआ.'
इससे पहले राहुल ने सोमवार को द्वारकाधीश मंदिर में पूजा अर्चना की, पूजा करने के बाद राहुल रोड शो भी करेंगे. राहुल का गुजरात दौरा तीन दिन का है. राहुल के गुजरात आने पर पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने भी ट्वीट कर उनका स्वागत किया.
Seeking blessings of Lord Krishna at Dwarkadhish Temple, before embarking on the three-day long Navsarjan Yatra.
— Congress (@INCIndia)
मंदिर में पूजा करने के बाद गुजरात में पार्टी के चुनाव प्रचार के तहत वह सड़क मार्ग से सौराष्ट्र क्षेत्र का दौरा करेंगे. इस यात्रा के दौरान रोड शो, जनसंवाद और किसानों से मुलाकात करेंगे.
: Congress Vice President Rahul Gandhi offers prayers at Dwarkadhish Temple in Dwarka
— ANI (@ANI)
पार्टी नेता के अनुसार, पार्टी उपाध्यक्ष इसके बाद जामनगर शहर जाएंगे जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे. 26 सितंबर को वह धरोल और टंकारा शहरों से होते हुए राजकोट पहुंचेंगे. राजकोट में वह व्यवसायियों और उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे.
Congress VP Rahul Gandhi begins three-day Navsarjan Yatra from Dwarka. He will address farmer, youth & demonetisation issues
— Congress (@INCIndia)
दौरे के आखिरी दिन चोटिला, जसदान, वीरपुर, जेतपुर और अन्य शहरों का दौरा करेंगे और फिर खोडलधाम में अपना प्रचार अभियान समाप्त करेंगे. पार्टी सूत्रों ने बताया कि सौराष्ट्र दौरे के बाद वह उत्तर, मध्य और दक्षिण गुजरात में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. जिसके लिए तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा. बता दें कि गुजरात में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
गौरतलब है कि 4 सितंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस साल होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंका था. राहुल गांधी ने कहा था कि जो कार्यकर्ता जमीन से लड़ते हैं, जो बीजेपी और आरएसएस से लड़ते हैं, उन्हें टिकट देंगे. बाहर से जो भी कांग्रेस में आएंगे उन्हें टिकट नही देंगे.