scorecardresearch
 

LIVE: SIR के खिलाफ बड़ा मार्च, कोर्ट में आशुतोष रांका-सौरव दास की पेशी... नेहा बोरा केस में भी आज फैसला

दिल्ली में 23 अक्टूबर 2026 को एसआईआर के खिलाफ बंगला साहिब गुरुद्वारा से चुनाव आयोग दफ्तर तक मार्च निकलेगा, जबकि आशुतोष रांका और सौरव दास कोर्ट में पेश होंगे. इसी दिन नेहा बोरा की पीस बॉन्ड नोटिस के खिलाफ याचिका पर फैसला आएगा और पुलिस ने संबंधित इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है.

Advertisement
X
दिल्ली में आज काफी हलचल रह सकता है. (Photo- ITG/PTI Images)
दिल्ली में आज काफी हलचल रह सकता है. (Photo- ITG/PTI Images)

दिल्ली में आज, 23 अक्टूबर को SIR यानी मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के खिलाफ प्रदर्शन से लेकर अदालतों में चल रहे मामलों तक, कई अहम घटना सामने आने वाले हैं. एक तरफ प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, परकला प्रभाकर और प्रकाश राज समेत कई प्रमुख चेहरे चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकालेंगे. दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेशी होनी है. इसके अलावा AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट फैसला सुनाएगा.

SIR के खिलाफ 'पीपल अगेंस्ट SIR' गठबंधन और किसान संगठनों की तरफ से दोपहर 1 बजे बंगला साहिब गुरुद्वारे से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला जाएगा. इस प्रदर्शन में प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, परकला प्रभाकर, प्रकाश राज और संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा शामिल किया जाए और देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं. मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. नई दिल्ली के कई हिस्सों में पहले से ही पाबंदियां लागू हैं.

आशुतोष रांका और सौरव दास की SEM कोर्ट में पेशी

CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को आज दोपहर 3 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश होना है. दोनों को पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था. हालांकि, उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया था, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉन्ड और उससे जुड़ी शर्तों को लेकर आज की कार्यवाही अहम मानी जा रही है. इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है.

Advertisement

 

नेहा बोरा केस में दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला

AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट आज शाम 6 बजे फैसला सुनाएगा. दिल्ली पुलिस ने उन्हें शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 हजार रुपये का पीस बॉन्ड भरने का नोटिस दिया था. नेहा बोरा ने इस नोटिस को अवैध बताते हुए हाई कोर्ट में चुनौती दी है. 22 अक्टूबर को जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद की बेंच ने दोनों पक्षों की करीब तीन घंटे तक दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था. आज इस मामले में अदालत का फैसला आने की उम्मीद है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement