scorecardresearch
 

दिवाली से पहले मिलावटखोरी पर रेखा सरकार सख्त, 322 KG नकली घी जब्त

दिल्ली में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई स्टोरों पर छापेमारी कर 322 किलो से ज्यादा घी जब्त किया है. मिठाई, बिस्कुट और दूसरी खाद्य सामग्री के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं.

Advertisement
X
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर सरकार का शिकंजा. (Photo: PTI)
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर सरकार का शिकंजा. (Photo: PTI)

दिल्ली में दिवाली से पहले खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. रेखा गुप्ता सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई स्टोरों की जांच की, जिसमें 322 किलो से ज्यादा घी जब्त किया गया. सोशल मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60 फीसदी तक छूट के ऑफर का प्रचार करने वाले स्टोर भी जांच के दायरे में आए हैं. घी के अलावा मिठाई, बिस्कुट, मखाना और हल्दी के सैंपल भी लिए गए हैं.

त्योहारों में मिठाई, घी और दूसरी खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में विभाग की टीमें यह जांच कर रही हैं कि दुकानों पर बिकने वाले उत्पाद तय मानकों के मुताबिक हैं या नहीं. जांच में पैकेट पर लिखी जानकारी, उत्पाद की क्वालिटी, पैकेजिंग और इस्तेमाल की अंतिम तारीख जैसे पहलुओं को भी देखा जा रहा है.

विकासपुरी और हस्तसाल में जब्त हुआ घी

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकासपुरी में मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर का निरीक्षण किया. यहां अलग-अलग ब्रांड के घी के पांच नमूने लिए गए. दूसरे खाद्य पदार्थों के पांच सैंपल भी जांच के लिए जुटाए गए. इस दौरान कुल 75.53 लीटर घी जब्त किया गया.

इसके बाद टीम ने हस्तसाल गांव के अग्रवाल स्टोर की जांच की. यहां श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के तीन सैंपल लिए गए. स्टोर से 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया. दोनों जगहों पर हुई कार्रवाई में 322 किलो से ज्यादा घी जब्त हुआ. 

Advertisement

मिठाई से लेकर बिस्कुट तक के सैंपल लिए

विभाग ने आजाद मार्केट की लाइब्रेरी रोड स्थित साहिब संस से चीनी से बनी मिठाई के दो नमूने लिए. ये सैंपल गलत लेबलिंग की आशंका के चलते जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला में भेजे गए हैं. लाजपत नगर के जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के सैंपल लिए गए. वहीं, रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से दो तरह के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और चीनी से बनी कैंडी के सैंपल जुटाए गए. विभाग ने कुछ जगहों पर खाद्य सुरक्षा नियमों से जुड़ी कमियां भी दर्ज की हैं.

छूट वाले विज्ञापनों पर भी नजर

खाद्य सुरक्षा विभाग सोशल मीडिया पर दिए जा रहे 'एक के साथ एक मुफ्त' और 60 फीसदी तक छूट के ऑफर के आधार पर भी स्टोरों की जांच कर रहा है. इसका मकसद यह देखना है कि ग्राहकों को बेचे जा रहे उत्पाद क्वालिटी और खाद्य सुरक्षा के तय मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं. सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी. 

रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा पर सख्ती की बात कही

रेखा गुप्ता ने कहा है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से समझौता नहीं किया जाएगा. खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने लोगों से सामान खरीदते समय पैकेट पर लिखी जानकारी, निर्माण की तारीख और इस्तेमाल की अंतिम तारीख देखने की अपील की है. विभाग की जांच के बाद प्रयोगशाला रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की क्वालिटी का पता चलेगा. इसके आधार पर तय होगा कि संबंधित दुकानों पर आगे क्या कार्रवाई की जानी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement