कोरोना वायरस के संकट के बीच दिल्ली सरकार की ओर से समाचार पत्रों में प्रकाशित कराए गए एक विज्ञापन में सिक्किम को भारत से अलग दिखाए जाने पर बवाल मचा हुआ है. अब इसको लेकर सिक्किम के मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार से इस मुद्दे को सुधारने का अनुरोध किया है. केजरीवाल सरकार ने विज्ञापन वापस ले लिया है. वहीं इस मामले में एक अफसर को सस्पेंड कर दिया गया है.
दरअसल, दिल्ली सरकार ने एक विज्ञापन में सिक्किम को नेपाल और भूटान के साथ अलग देश के तौर पर भारत से अलग बताया है. अब दिल्ली सरकार के इस विज्ञापन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. इसको लेकर सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने ट्वीट कर कहा, 'सिक्किम भारत का एक हिस्सा है. दिल्ली सरकार से इस मुद्दे को सुधारने का अनुरोध करता हूं.'
Sikkim is a part of India and should not be sethis is condemnable and I would request the Delhi Government to rectify this issue.
— Prem Singh Tamang (Golay) (@GolayPs)
सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह ने कहा, 'दिल्ली सरकार के जरिए विभिन्न प्रिंट मीडिया में प्रकाशित इस विज्ञापन में सिक्किम के साथ-साथ भूटान और नेपाल जैसे देशों का उल्लेख है. सिक्किम 1975 से भारत का हिस्सा रहा है और एक सप्ताह पहले ही राज्य दिवस मनाया गया है.'
कार्रवाई की
वहीं अब इस मुद्दे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सफाई दी है. सीएम केजरीवाल ने कहा, 'सिक्किम भारत का अभिन्न अंग है. ऐसी त्रुटियों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. विज्ञापन वापस ले लिया गया है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है.'
केजरीवाल पर निशाना
वहीं दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने भी सीएम केजरीवाल पर निशाना साधा है. ट्वीट करते हुए चौधरी ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रचार-प्रसार में इतना व्यस्त हैं कि उन्हें ये भी नहीं पता सिक्किम भारत का हिस्सा है या भारत से बाहर का. उनकी याद के लिए बता दूं कि सिक्किम भारत का ही हिस्सा है.
क्या है मामला?
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से सिविल डिफेंस के सदस्यों की भर्ती के लिए अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कराया गया. इस विज्ञापन में आवेदन के लिए पात्रता के कॉलम में लिखा गया 'भारत का नागरिक हो या नेपाल, भूटान या सिक्किम की प्रजा हो.' नेपाल और भूटान के साथ सिक्किम को भी भारत से अलग दिखाया गया है. इस विज्ञापन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फोटो भी छपी है.