
देश में मॉनसून अब रफ्तार पकड़ रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मॉनसून जल्द ही दिल्ली पहुंच सकता है. उम्मीद है कि जुलाई के पहले हफ्ते तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून दस्तक दे देगा. स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, 25-26 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में अनुकूल सिस्टम बनने की उम्मीद है. इसके बाद मॉनसून दिल्ली पहुंच सकता है, यानी जुलाई के पहले हफ्ते में मॉनसून की एंट्री की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि 23 जून 2026 के आसपास मॉनसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार के और ज्यादा इलाकों में और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की अच्छी संभावना है. पूर्वोत्तर भारत (नॉर्थईस्ट) में 25 जून तक भारी बारिश का अलर्ट है.
दिल्ली में कितना तापमान?
आज के मौसम की बात करें तो दिल्ली में सुबह के वक्त वेदर सुहावना रहा. सफदरजंग मौसम केंद्र, जो दिल्ली का मुख्य स्टेशन माना जाता है, पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है.
वहीं, दिल्ली के दूसरे मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम ही रिकॉर्ड किया गया. पालम में सबसे कम 24.7 डिग्री, रिज पर 24.6 डिग्री, आयानगर में 25.3 डिग्री और लोधी रोड पर 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. IMD के मुताबिक, दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मॉनसून के आने से पहले ऐसी बारिश लोगों को गर्मी से कुछ राहत देगी.
प्रदूषण की बात करें तो दिल्ली की हवा की क्वालिटी भी चिंता का विषय बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI सुबह 9 बजे के करीब 206 रहा, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में आता है. बता दें कि 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर कैटेगरी में आता है.