दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर के लेडीज वॉशरूम से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेट्रो प्रशासन में हड़कंप मच गया.
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:33 बजे पुलिस को एक कॉल मिली. कॉलर ने बताया कि इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के सुलभ शौचालय कॉम्प्लेक्स का लेडीज टॉयलेट अंदर से बंद है और वहां से बहुत तेज बदबू आ रही है. सूचना मिलते ही NSP मेट्रो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस
पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर लेडीज वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा भयावह था. शौचालय के अंदर करीब 40 साल के एक शख्स का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया.
डीसीपी मेट्रो ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की पहचान वॉशरूम के केयरटेकर के रूप में की जा रही है. मौके पर मौजूद गवाहों ने बताया कि उसे आखिरी बार दो दिन पहले देखा गया था. आशंका जताई जा रही है कि शव दो दिन पुराना है, जिसके कारण वहां से बदबू आ रही थी.
पुलिस की क्राइम टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीएसए (BSA) अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखवाया गया है. मेट्रो अधिकारियों के जरिए मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है. लेडीज वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद होना कई सवाल खड़े कर रहा है.