
दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शनिवार को एक जज ने आत्महत्या कर ली. 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा कड़कड़डूमा अदालत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के रूप में कार्यरत थे. वे अपने घर में मृत पाए गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
बाथरूम में मिला शव
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर 34 के तहत एक पीसीआर कॉल मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि अमन कुमार शर्मा अपने घर के बाथरूम में मृत अवस्था में मिले. बाहर से चढ़कर बाथरूम की खिड़की का शीशा तोड़ा गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जीजा ने दी घटना की जानकारी
घटना की जानकारी मृतक के जीजा शिवम ने पुलिस को दी, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं. पुलिस ने शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं पाए हैं. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है. आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. इसके लिए पुलिस परिजनों, दोस्तों और करीबी सहयोगियों से पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें: 'जीना मुश्किल कर दिया...', पिता ने बयां की जज अमन कुमार शर्मा की मौत से पहले के आखिरी पलों की दास्तां
पिता को फोन कर बताया, मैं बहुत परेशान चल रहा हूं
मृतक के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि अमन शर्मा ने रात 10 बजे अपने पिता को फोन किया था और बोला था मै बहुत परेशान हूं, मेरा जीना मुश्किल हो गया है. पिता ने अमन का हौंसला बढ़ाया और पूछा बेटा क्या हुआ? रात में ही पिता अलवर से दिल्ली के लिए निकल गए और 12 बजे पहुंच गए थे. यहां आने पर मालूम चला कि अमन का पत्नी से कुछ विवाद चल रहा था, अमन ने कहा मुझे 2 महीने से बहुत परेशान कर रखा है.
पत्नी भी ज्यूडिशियल ऑफिसर, बहन IAS अधिकारी
अमन की पत्नी भी ज्यूडिशियल ऑफिसर हैं, पत्नी की बहन IAS अधिकारी हैं और जम्मू में पोस्टेड हैं. पिता के अनुसार, अमन ने बताया कि निधि ही मालिक है, उनका बहुत कंट्रोल है घर में. घर में सब उनकी चलती है. पिता ने अमन को समझाने की कोशिश की. पिता ने बताया, बहु ने कहा कि अगर आप यहां से नहीं जाओगे तो मैं पुलिस बुला लूंगी आपको बंद करवा दूंगी. खैर पिता रात को रुके, पिता ने अमन की पत्नी के माता पिता को संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया.
19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा से जुड़े
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी. उन्होंने वर्ष 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की और विभिन्न अदालतों में न्यायिक जिम्मेदारियां निभाईं.
अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में फुल-टाइम सचिव के पद पर तैनात थे. उनकी अचानक मौत ने न केवल उनके परिवार, बल्कि न्यायिक तंत्र से जुड़े लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है.
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. दिल्ली पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)