दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है. इस बार वजह है रविंदर उर्फ गोविंद हिंदू की जेल से रिहाई और बाहर आते ही हिंदू रक्षा दल के सदस्यों की ओर से किया गया स्वागत. फूल-मालाएं पहनाकर रविंदर का स्वागत किए जाने के बाद इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर फिर बहस शुरू हो गई है. रविंदर ने आजतक से बातचीत में दावा किया कि उन्होंने किसी पर हमला करने की पहल नहीं की थी, बल्कि अपने और साथियों के बचाव में ऐसा किया. हालांकि, वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था.
जेल से बाहर आए तो फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
रविंदर गोविंदा की रिहाई के बाद हिंदू रक्षा दल के सदस्यों ने उनका स्वागत किया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि उन्हें फूल-मालाएं पहनाई गईं. पुलिस ने रविंदर सिंह उर्फ गोविंद हिंदू के अलावा रमन सैनी, विवेकानंद उर्फ विवेक और कपिल कुमार को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया था.
रविंदर ने बताई अपनी कहानी
आज तक से बातचीत में रविंदर ने घटना के बारे में अपना पक्ष रखा. उनका दावा है कि वह अपने साथियों के साथ झंडेवालान मंदिर जा रहे थे. इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उनकी कार को घेर लिया. रविंदर के मुताबिक, उनकी कार में भगवा झंडा लगा था और उस पर ‘जय श्री राम’ लिखा हुआ था. उनका आरोप है कि इसी वजह से कार को घेरा गया. उन्होंने दावा किया कि कार पर लातें मारी गईं और उनके साथ गाली-गलौज की गई. रविंदर का कहना है कि उस समय अगर वे कार से बाहर निकलते तो उनके साथ गंभीर मारपीट हो सकती थी. उन्होंने दावा किया कि पुलिस को मौके पर देखकर वे कार से बाहर आए और इसके बाद हुई मारपीट आत्मरक्षा में की गई थी. रविंदर का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो घटना का पूरा संदर्भ नहीं दिखाता. उन्होंने दावा किया कि उनकी कार को घेरने और उस पर लात मारने का एक अन्य वीडियो भी पुलिस को दिखाया गया था.
ब्लैक टी-शर्ट पहने व्यक्ति की पहचान पर विवाद
रविंदर का दावा है कि ब्लैक टी-शर्ट पहने जिस व्यक्ति को कुछ पोस्ट में लड़की बताया गया, वह लड़का था. उनके मुताबिक, वह व्यक्ति कार के बाहर मौजूद था और गाली-गलौज करते हुए दिखाई दिया था. इस पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए गए. कुछ पोस्ट में वीडियो को एक लड़की के साथ मारपीट के रूप में पेश किया गया, जबकि दूसरी ओर दावा किया गया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति लड़की नहीं, बल्कि लड़का है. रविंदर ने बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि वीडियो से जुड़े मामले में एक लड़के को लड़की बताकर जानकारी साझा की गई. रविंदर ने इसे गलत बताया.