महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में ईडी ने टीवी प्रेजेंटर और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से पूछताछ की है. इसके साथ ही जांच एजेंसी ने उनके ठिकानों पर तलाशी भी ली है. ईडी इस मामले में कथित तौर पर अवैध बेटिंग ऐप के प्रचार और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.
जांच एजेंसी के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे इनपुट मिले हैं जिनके आधार पर शेफाली बग्गा का नाम सामने आया है. ईडी का दावा है कि शेफाली बग्गा की नजदीकी खानजन जगदीश कुमार ठक्कर से बताई जा रही है. एजेंसी के अनुसार, खानजन जगदीश कुमार ठक्कर भारत में बेटिंग ऐप के संचालन और प्रचार से जुड़ा हुआ है.
ईडी ने शेफाली बग्गा के ठिकानों पर भी की तलाशी
ईडी का आरोप है कि शेफाली बग्गा कथित तौर पर उन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती थीं, जिनका संचालन दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से किया जा रहा था. जांच के दौरान एजेंसी को ऐसे कथित डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें शेफाली बग्गा बेटिंग ऐप का प्रचार करती हुई दिखाई देती हैं. ईडी का यह भी आरोप है कि इन प्लेटफॉर्म पर वह खिलाड़ियों को कथित तौर पर टिप्स भी देती थीं.
जांच एजेंसी के मुताबिक, खानजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला नेटवर्क का प्रमुख ऑपरेटर है और उससे संबंधित वित्तीय लेनदेन का संचालन करता है. इसी कड़ी में एजेंसी उसके संपर्कों और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
टेलीग्राम चैनल के जरिए प्रमोशन करने का आरोप
ईडी का कहना है कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शेफाली बग्गा ने अपने टेलीग्राम चैनल का लिंक साझा किया था. एजेंसी के अनुसार, उस चैनल पर कथित तौर पर अवैध बेटिंग से जुड़े प्रमोशन और टिप्स का काम किया जाता था. फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय पूरे मामले की जांच कर रहा है. एजेंसी डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय लेनदेन और कथित नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.