पंजाब, चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक के कई बड़े संस्थानों को आज बम धमकी दी गई है. दिल्ली विश्वविद्यालय नार्थ कैंपस के दो कॉलेज में बम होने का ईमेल आया है. पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह कॉलेज प्रशासन को ईमेल मिला, जिसके बाद एहतियातन बॉम्ब स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने बताया कि सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस और मिरांडा हाउस कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद कई एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. एहतियात के तौर पर उन्होंने छात्रों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाला और परिसर को घेर लिया.
इन धमकियों से लोग दहशत में आ गए हैं. वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है, ईमेल के सोर्स को तलाशने की कोशिश जारी है. हालांकि, अब तक की जांच में कुछ संदिग्ध नही मिला है.
इससे पहले भी दिल्ली के कई स्कूलों को इस तरह की धमकियां दी जा चुकी हैं. लेकिन राहत की बात ये हैकि हर बार ये धमकियां अफवाह ही साबित हुई हैं.
बता दें कि दिल्ली के साथ-साथ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. एक ई-मेल के जरिए गांधी भवन से लेकर सचिवालय तक में धमाका करने का दावा किया गया है. जालंधर में भी कई नामी स्कूलों को ऐसे ही धमकी भरे ई-मेल मिले हैं. इनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और MGN स्कूल शामिल हैं.
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को मिले ई-मेल में लिखा गया है, 'अपने बच्चों को बचाओ. खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं, हिंदू-स्तान मोदी सरकार को तबाह करेंगे.' ई-मेल में 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई है.
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और जालंधर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली असेंबली समेत कई बड़ी इमारतों को भी धमकी
पटना कोर्ट और महाराष्ट्र विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके अलावा, लाल किला, दिल्ली असेंबली और नोएडा के कई बड़े स्कूलों को भी बम की धमकी दी जा चुकी है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट मोड पर हैं और हर स्थिति पर पैनी नजर रख रही हैं.