scorecardresearch
 

दिल्ली में SIR के 7 दिन, बांटे गए 76 लाख से ज्यादा फॉर्म, जमा हुए 3 लाख से भी कम

दिल्ली में 30 जून से शुरू हुए एसआईआर के पहले सात दिन में ही 52 फीसदी से अधिक मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं. ये फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं.

Advertisement
X
ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं एन्यूमरेशन फॉर्म (Photo: ITG)
ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं एन्यूमरेशन फॉर्म (Photo: ITG)

केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण का काम यानी एसआईआर चल रहा है. 30 जून से घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरने का काम शुरू हुआ था. इस अभियान के एक हफ्ते पूरे हो गए हैं. पहले हफ्ते में दिल्ली के कुल मतदाताओं में से करीब आधे को एन्यूमरेशन फॉर्म दिए जा चुके हैं. इस अवधि में करीब दो फीसदी फॉर्म भरे भी जा चुके हैं.

केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 2 लाख 78 हजार से अधिक मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर दिए हैं. भरे फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं. सीईओ कार्यालय की ओर से यह भी जानकारी दी गई है कि एसआईआर के तहत दिल्ली में कुल 76 लाख 38 हजार 417 फॉर्म बांटे जा चुके हैं.

दिल्ली में कुल एक करोड़ 45 लाख 10 हजार 298 मतदाता हैं. इस लिहाज से देखें तो अब तक कुल मतदाताओं में से 52.64 प्रतिशत मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म दिए जा चुके हैं. अब तक 2 लाख 78 हजार 70 भरे हुए फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं की संख्या के मुकाबले 2 प्रतिशत से भी कम है. घर-घर सर्वे का यह अभियान 29 जुलाई तक चलेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: SIR के बीच तीन महीने तक मुफ्त में बनेंगे सरकारी डॉक्यूमेंट... पंजाब सरकार का फैसला

अधिकारियों के मुताबिक, पहले दो हफ्ते में प्रत्येक मतदाता तक गणना फॉर्म की दो प्रतियां पहुंचाने पर फोकस किया जाना है. फॉर्म जमा करने और उनके डिजिटाइजेशन में तेजी तीसरे हफ्ते से आएगी. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि फॉर्म भरने और जमा करने में लोगों की सहायता के लिए अलग-अलग इलाकों में विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: SIR पर सियासी चिट्ठी! विपक्ष ने CJI को लिखा पत्र, चुनाव आयोग पर लगाए पक्षपात के आरोप

एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं. उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक 10 लाख 1 हजार 304 फॉर्म वितरित किए गए हैं. पश्चिमी दिल्ली में 8 लाख 57 हजार 123, पूर्वी दिल्ली में 8 लाख 4 हजार 233, दक्षिणी दिल्ली में 7 लाख 28 हजार 647 और दक्षिण पूर्वी दिल्ली में 6 लाख 63 हजार 425 फॉर्म बांटे गए हैं.

सबसे आगे नई दिल्ली

प्रतिशत के लिहाज से देखें तो नई दिल्ली जिला फॉर्म वितरण में सबसे आगे है. एसआईआर के पहले ही हफ्ते में नई दिल्ली जिले के 67.20 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाया जा चुका है. पुरानी दिल्ली में 61.69%, उत्तरी दिल्ली में 59.20% और पश्चिमी दिल्ली में 58.87% मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाया जा चुका है. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सबसे कम 42.60% मतदाताओं तक ही फॉर्म पहुंचा है और यह जिला इस मामले में सबसे पीछे है. दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में 45.45%, मध्य दिल्ली में 47.35% और बाहरी उत्तरी दिल्ली में 49.40% मतदाताओं में फॉर्म वितरित किए गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement