दिल्ली के लाजपत नगर के नजदीक मेट्रो कोच पर एक दीवार का हिस्सा गिर गया, जिससे हड़कंप मच गया. इस घटना के बाद मेट्रो वॉयलेट लाइन की सेवा करीब तीन घंटों के लिए बाधित हो गई. इस दौरान यहां से ट्रेनों की आवाजाही भी रोक दी गई थी.
Services of Metro's Violet line halted after a portion of a railing wall fell on a train between Lajpat Nagar & Jangpura metro station.
— ANI (@ANI)
यह हादसा उस समय हुआ जब मेट्रो जंगपुरा स्टेशन से लाजपत नगर की ओर जा रही थी. दीवार गिरने की वजह बारिश और तेज हवा बताई जा रही है. यह हादसा दोपहर बाद करीब 04:05 बजे हुआ. इस लाइन पर दिल्ली मेट्रो की सेवा शाम सात बजे के बाद ही बहाल हो सकी. इस दौरान ऑफिस से घर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
इससे पहले, मेट्रो लाइन पर दीवार गिर जाने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर लाजपत नगर स्टेशन पहुंचाया गया. मेट्रो दीवार के गिरे हुए हिस्से को हटाने के लिए केंद्रीय सचिवालय और नेहरू प्लेस के बीच मेट्रो लाइन की बिजली सप्लाई भी बंद करनी पड़ी.
मलबे को ट्रैक से हटाने तक इस लाइन की मेट्रो सेवा को वैकल्पिक तौर पर दो लूप में चलाया गया. यह लूप सर्विस नेहरू प्लेस से एस्कॉर्ट मुजेसर और केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट के बीच मेट्रो चलाई गई.
इससे पहले भी खराब मौसम के कारण मेट्रो सेवा बाधित होती रही है.