राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में सोमवार दोपहर एक 11वीं के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. वारदात स्कूल की छुट्टी के बाद उस समय हुई, जब छात्र घर लौट रहा था. पुलिस के मुताबिक, छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद दो-तीन युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए. घायल छात्र को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह घटना कालकाजी थाना क्षेत्र के डीडीए फ्लैट बी ब्लॉक स्थित पार्क के पास हुई. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और सीएटीएस एंबुलेंस मौके पर पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद अचानक इलाके में शोर मच गया. लोगों ने देखा कि कुछ लड़के आपस में झगड़ रहे थे. इसी दौरान दो से तीन लड़के वहां से भागते हुए दिखाई दिए. जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो एक छात्र लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था. उसके शरीर पर चाकू के वार के निशान थे.
स्थानीय महिला शशि ने बताया कि इलाके में अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी. जब वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि एक छात्र जमीन पर पड़ा हुआ था और उस पर चाकू से हमला किया गया था. वहीं स्थानीय निवासी मनोज ने बताया कि उनके घर के नीचे ही कुछ लड़कों ने एक स्कूली छात्र पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई.
छात्र पर दो-तीन युवकों ने किया हमला
घटना की जानकारी मिलने पर कालकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर 2 बजकर 23 मिनट पर पीसीआर कॉल मिली थी. कॉल में बताया गया था कि बी ब्लॉक डीडीए फ्लैट स्थित पार्क के पास स्कूली छात्रों के बीच झगड़ा हो रहा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक छात्र गंभीर रूप से घायल मिला. उसी समय सीएटीएस एंबुलेंस भी पहुंच गई. एंबुलेंस कर्मियों ने छात्र को सीपीआर दिया और तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया.
जांच के दौरान मृतक की पहचान 19 वर्षीय सैयद हुसैन के रूप में हुई. वह ओखला फेज-2 स्थित जेजे कैंप का रहने वाला था और कालकाजी स्थित स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था. पुलिस के मुताबिक, वह स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था, तभी यह हमला हुआ. दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद दो या तीन लोगों ने छात्र पर चाकू से हमला किया. हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जा सके. पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत कालकाजी थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है. जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगी हुई हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रों के बीच झगड़े की वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में यह विवाद हत्या तक पहुंच गया. अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आएंगी.