scorecardresearch
 

दिल्ली के शालीमार बाग में बुलडोजर एक्शन, पूर्व AAP विधायक के दफ्तर समेत 150 अवैध निर्माण ढहाए

दिल्ली के शालीमार बाग में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने बड़ा बुलडोजर एक्शन लेते हुए करीब 150 अवैध निर्माण ढहा दिए. इस कार्रवाई में AAP की पूर्व विधायक वंदना कुमारी का दफ्तर भी शामिल है. हाईकोर्ट की समय-सीमा खत्म होने और सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद रविवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया.

Advertisement
X
दिल्ली के शालीमार बाग में चला प्रशासन का बुलडोजर (Photo: ITG)
दिल्ली के शालीमार बाग में चला प्रशासन का बुलडोजर (Photo: ITG)

दिल्ली के शालीमार बाग में रविवार सुबह बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला. सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने करीब 150 अवैध निर्माणों को ढहा दिया है. इस कार्रवाई में आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक वंदना कुमारी का दफ्तर भी नहीं बच सका. अदालत से राहत न मिलने पर प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ यह अभियान शुरू कर दिया. 

सुबह करीब 4 बजे भारी पुलिस बल एवं अर्धसैनिक जवानों की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई आउटर रिंग रोड को आजादपुर मंडी से जोड़ने वाली मुख्य सड़क को चौड़ा करने के लिए की गई है. सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली सरकार के वकील धीरज कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है. मास्टर प्लान के मुताबिक यह सड़क 30 मीटर चौड़ी होनी चाहिए थी, लेकिन अतिक्रमण की वजह से यह बमुश्किल 11 मीटर की रह गई थी. जब पूर्व विधायक ने सड़क की जमीन पर कब्जा करके अपना दफ्तर बनाया, तो स्थानीय लोगों ने भी वहां अवैध निर्माण शुरू कर दिया. इस वजह से यहां रोज गाड़ी चलाने वालों को भारी जाम और जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती थी.

Advertisement

कोर्ट से राहत नहीं मिली, फिर चला बुलडोजर

दिल्ली सरकार की पैरवी करने वाले वकीलों में शामिल अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट ने इन अवैध ढांचों को हटाने के लिए 30 मई तक की समय-सीमा तय की थी. इसके बाद प्रभावित लोगों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से भी याचिका खारिज हो गई. कोर्ट की यह पूरी प्रक्रिया होने के बाद ही प्रशासन ने अपनी कार्रवाई शुरू की.

अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे बने इन अवैध निर्माणों की वजह से इलाके में रोज भारी ट्रैफिक जाम लगता था. इसके साथ ही बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या भी काफी बढ़ जाती थी. इसी परेशानी को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम बेहद जरूरी हो गया था. हालांकि, इस पूरे मामले में पूर्व विधायक की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. फिलहाल प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का काम तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ाया जाएगा. इससे आने वाले दिनों में स्थानीय लोगों को ट्रैफिक तथा जलभराव जैसी गंभीर परेशानियों से बड़ी राहत मिल सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement