scorecardresearch
 

प्रेमी-प्रेमिका ने किया ससुाइड, जमीन पर लिखा दोनों को एक साथ जलाना, जंगल में मिले शव

रायगढ़ के छाल इलाके में प्रेमी-प्रेमिका ने शादी न हो पाने से दुखी होकर जंगल में एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव पेड़ से लटके मिले. जमीन पर उन्होंने आखिरी इच्छा लिखी कि उनके शव एक साथ जलाए जाएं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
प्रेमी-प्रेमिका ने किया सुसाइड. (Photo: Representational)
प्रेमी-प्रेमिका ने किया सुसाइड. (Photo: Representational)

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया. शादी नहीं हो पाने से परेशान प्रेमी-प्रेमिका ने जंगल में एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं. यह मामला रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र के ग्राम एडुकला का है. बुधवार सुबह जब गांव के लोग रोज की तरह महुआ बिनने जंगल पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. एक पेड़ की डाल पर एक युवक और युवती का शव फंदे से लटका हुआ था. यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

मृतकों की पहचान 25 वर्षीय रामकुमार अगरिया और 20 वर्षीय परमेश्वरी अगरिया के रूप में हुई. दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और पिछले एक साल से उनके बीच संबंध था. घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

शादी न हो पाने से परेशान था प्रेमी जोड़ा 

परिजनों के अनुसार रामकुमार एक कंपनी में मजदूरी करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी. इसी बीच उसका परमेश्वरी से प्रेम संबंध हो गया था. दोनों शादी करना चाहते थे और परिवार में भी इस बात की चर्चा थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उनकी शादी नहीं हो पा रही थी.

Advertisement

माना जा रहा है कि यही परेशानी दोनों के लिए बड़ी वजह बनी और उन्होंने एक साथ यह कदम उठा लिया. परिजन भी इस आशंका को सही मान रहे हैं कि शादी में हो रही देरी और आर्थिक हालात ने उन्हें यह फैसला लेने पर मजबूर कर दिया. घटना स्थल से एक और मार्मिक बात सामने आई है. पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन जमीन पर कुछ शब्द लिखे हुए पाए गए. प्रेमी-प्रेमिका ने अपनी आखिरी इच्छा के रूप में जमीन पर लिखा था कि दोनों के शवों को एक साथ जलाया जाए.

यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया. इस लिखावट ने यह साफ कर दिया कि दोनों एक-दूसरे से कितना गहरा प्रेम करते थे और मरने के बाद भी साथ रहना चाहते थे. पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे जब्त कर लिया गया है. इसके साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

इस मामले में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा. यह घटना न सिर्फ एक प्रेम कहानी का अंत है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे आर्थिक तंगी और सामाजिक परिस्थितियां कभी-कभी लोगों को ऐसे कदम उठाने पर मजबूर कर देती हैं. गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है.

Advertisement

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement