सोचिए, आप सुबह घर से निकलें और सामने सड़क पर चार हाथी टहलते हुए दिख जाएं. वह भी जंगल में नहीं, बल्कि आपकी कॉलोनी के बीचोंबीच. छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब चार हाथियों का एक दल अचानक रिहायशी इलाके में पहुंच गया.
मरवाही में लोगों का दिन सामान्य तरीके से शुरू हुआ था. लेकिन कुछ ही देर में खबर फैल गई कि हाथियों का एक झुंड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की तरफ बढ़ रहा है. देखते ही देखते लोग घरों से बाहर निकल आए. किसी ने मोबाइल निकाला, किसी ने वीडियो बनाना शुरू किया और कुछ लोग सुरक्षित दूरी से इस अनोखे नजारे को देखने लगे.
यहां देखें Video
हाथियों का यह दल सीधे मरवाही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और रेंज ऑफिस परिसर तक पहुंच गया. आबादी वाले इलाके में विशालकाय हाथियों की मौजूदगी ने लोगों में डर पैदा कर दिया. आखिर जंगल में रहने वाले हाथी कब किस दिशा में मुड़ जाएं, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं होता.
हाथियों के इलाके में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम एक्टिव हो गई. अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. काफी मशक्कत के बाद हाथियों को दर्रीटोला की दिशा में खदेड़ दिया गया.

वन विभाग को लगा कि फिलहाल खतरा टल गया है, लेकिन कुछ समय बाद चारों हाथी फिर वापस लौट आए. इस बार उनका रास्ता एक छात्रावास की ओर था. हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्री वाल को नुकसान पहुंचाया और उसे तोड़ते हुए आगे बढ़ गए. इसके बाद पूरा दल नवाटोला इलाके में स्थित एक आम की बगिया में पहुंच गया और वहीं कुछ समय के लिए डेरा जमा लिया.
यह भी पढ़ें: शहर के अंदर घुस आया जंगली हाथी, दहशत में आ गए लोग... बाहर खदेड़ने में जुटी वन विभाग की टीम
हाथियों की वापसी ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी. क्योंकि एक बार किसी हाथी दल को आबादी वाले इलाके का रास्ता मिल जाए तो उसके दोबारा लौटने की संभावना बढ़ जाती है. यही वजह है कि वन अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है.
फिलहाल हाथियों का यह दल कुम्हारी क्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर 2026 में मौजूद बताया जा रहा है. वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और हर मूवमेंट की निगरानी कर रही हैं. साथ ही आसपास के गांवों और कॉलोनियों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाने या सेल्फी लेने की कोशिश न करें. अक्सर उत्सुकता में लोग वन्यजीवों के बेहद करीब पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है. हाथी सामान्य तौर पर शांत दिखते हैं, लेकिन खतरा महसूस होने पर उनका व्यवहार अचानक बदल सकता है.