बिहार के बक्सर जिले (Bihar Buxar) में गंगा नदी में अचानक कई लाशें मिलने से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. दरअसल बक्सर के रामरेखा घाट पर मिली पांच लाशों ने प्रशासनिक अधिकारी को हैरान कर दिया. ऐसे में बक्सर SDM धीरेंद्र मिश्रा ने रात में ही लाशों की जांच करवाई. इसके साथ ही डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम गठित कर लाशों का घाट पर ही पोस्टमॉर्टम (Post-mortem) कर फिर से गंगा में प्रवाहित कर दिया गया.
इस मसले पर डॉक्टर भूपेंद्र ने कहा कि ये सभी लाशें पुरानी लगती हैं और डी-कंपोस्ट हो चुकी हैं. ऐसे में जांच में क्या आएगा, यह कहना मुश्किल है. कुछ लाशों को तो पहले से ही पोस्टमॉर्टम (Post-mortem) करके फेंका गया था. ऐसे में यह नहीं कहा जा सकता कि इनका किससे और किस प्रकार का संबंध है. वहीं SDM धीरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सूचना मिलने के बाद लाशों का पोस्टमॉर्टम कराया गया. ये लाशें कहां की हैं, कहां से बहकर यहां आई हैं, यह कहना मुश्किल है. हो सकता है कि ये लाशें उत्तर प्रदेश की सीमा से आई हों.
यह भी पढ़ें: संगम की रेती पर 'मुर्दों का मोहल्ला'! प्रयागराज में शवों से पटा पड़ा है गंगा का किनारा
हालांकि स्थानीय लोगों का कुछ और ही कहना है. रामरेखा घाट निवासी राहुल खरवार बताते हैं कि अभी भी लाशों के मिलने का सिलसिला जारी है. पिछले 15 दिनों से लगातार यूपी की तरफ से चौसा होते हुए बक्सर तक लाशें आ रही हैं, जो हम लोगों के लिए समस्या बनी हुई हैं. जिला प्रशासन ने कुछ लाशों को हटाया है, लेकिन अभी भी शव आ रहे हैं. ऐसे में गंगा में मिल रहीं लाशों को लेकर कई बातें हो रही हैं. करीब एक साल पहले कोविड महामारी के वक्त बक्सर में मिली लाशों की पूरे देश में खूब चर्चा हुई थी.