
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत आने वाले इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पापुलेशन साइंसेज (IIPS) द्वारा जारी इस सर्वे के मुताबिक, भारत के ज्यादातर राज्यों में वयस्कों का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) नॉर्मल से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है, यानी लोग तेजी से ओवरवेट और मोटापे के शिकार हो रहे हैं. ऐसे में देश में लोगों का वजन और मोटापा किस रफ्तार से बढ़ रहा है, इसकी एक चौंकाने वाली तस्वीर नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS-6) की ताजा रिपोर्ट में सामने आई है.
इस सर्वे को पूरा करने के लिए देश भर के 6 लाख 79 हजार 238 घरों से डेटा इकट्ठा किया गया जिसमें 7 लाख 16 हजार 397 महिलाएं और 1 लाख 977 पुरुष शामिल हुए. आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि सिक्किम और आंध्र प्रदेश मोटापे की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं. तो आइए जानते हैं वो कौन से ऐसे राज्य हैं जिसमें पिछले यानी नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे 5 की अपेक्षा मोटापा बढ़ गया है.
महिलाओं में मोटापा
सर्वे के मुताबिक यदि महिलाओं की बात करें तो सिक्किम में मोटापे का ग्राफ सबसे तेजी से ऊपर गया है. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सर्वे (NFHS-5) में सिक्किम की 34.8% महिलाएं ओवरवेट थीं. यहीं आंकड़ा अब NFHS-6 में बढ़कर सीधे 47.5% हो गई हैं यानी यहां करीब 12.7% की बढ़त दर्ज की गई है. आंध्र प्रदेश भी पीछे नहीं है में महिलाओं में NFHS-5 में मोटापा 36.3% था जो NFHS-6 में बढ़कर 47.9% पर पहुंच गया है यानी 11.6% की बढ़त देखी गई है.

जिन 5 राज्यों में मोटापा और वजन बढ़ने की रफ्तार सबसे अधिक दर्ज की गई है, उनमें सिक्किम (+12.7%) टॉप पर है, जिसके बाद क्रमशः आंध्र प्रदेश (+11.6%), गुजरात (+9.4%), केरल (+8.5%) और महाराष्ट्र (+7.6%) का नंबर आता है.
इसके विपरीत जिन 5 राज्यों में महिलाओं के मोटापे में सबसे कम बढ़ोतरी हुई है, उनमें सबसे नीचे मिजोरम (+0.6%) है, जिसके बाद क्रमशः दिल्ली (+1.3%), मेघालय (+2.3%), उत्तर प्रदेश (+2.3%) और नागालैंड (+2.8%) शामिल हैं.
पुरुषों में भी बढ़ा वजन
पुरुषों के मामले में सबसे ज्यादा मोटापा आंध्र प्रदेश में ही बढ़ा है जहां यह आंकड़ा 31.1% से बढ़कर 41.5% हो गया है. इसके बाद गुजरात का नंबर आता है, जहां पुरुषों में मोटापा करीब 9.9% बढ़ा है. लेकिन इन सबके बीच देश की राजधानी दिल्ली का डेटा ने हैरान कर दिया है.
जहां पूरे राज्यों में वजन बढ़ने का ट्रेंड देखा गया, वहीं दिल्ली के पुरुषों में मोटापा कम हुआ है. दिल्ली में पुरुषों का मोटापा दर पिछले NFHS-5 के 38.0% से घटकर अब NFHS-6 में 34.8% रह गया है.
पुरुषों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिन 5 राज्यों में मोटापे की समस्या सबसे तेजी से बढ़ी है, उनमें आंध्र प्रदेश (+10.4%) सबसे आगे है, जिसके बाद क्रमशः गुजरात (+9.9%), महाराष्ट्र (+8.1%), सिक्किम (+6.3%) और हरियाणा (+5.6%) का स्थान है.

दूसरी तरफ पुरुषों के मामले में कुछ राज्यों ने मोटापे को नियंत्रित करने या घटाने में बेहतर प्रदर्शन किया है उन 5 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में पुरुषों का मोटापा सबसे कम बढ़ा या घटा है, उनमें सबसे अच्छा सुधार दिल्ली (-3.2%) में देखा गया है, जहां मोटापा दर कम हुई है. इसके बाद त्रिपुरा (-0.5%), नागालैंड (-0.2%), केरल (+0.6%) और हिमाचल प्रदेश (+0.8%) का नंबर आता है.