अब बीमारियां कम उम्र में हो रही हैं. 30 पार करते ही लोगों को घुटनों में दर्द से लेकर कैंसर तक हो रहा है. समय से पहले बीमारियां होने के कई कारण हैं, लेकिन कुछ ऐसी आदतें भी हैं जो बीमारी होने का खतरा दोगुना कर सकती हैं. वह आदतें कौन सी हैं. इस बारे में जानने के लिए हमने एक्सपर्ट से बातचीत की है. हमारे एक्सपर्ट हैं सफदरजंग अस्पताल में कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ जुगल किशोर और राम मनोहर लोहिया अस्पताल मे मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि.
डॉ जुगल किशोर बताते हैं कि अगर आप दो दशक पीछे जाएं तो डायबिटीज, बीपी की बीमारी, हार्ट डिजीज, फैटी लिव और आर्थराइटिस जैसी बीमारियां 50 साल की उम्र के बाद ज्यादा देखने में आती थी. लेकिन अब 30 की उम्र के बाद ही ये हो रही हैं. अब खानपान से लेकर लाइफस्टाइल सब बदल गया है. पहले लोग दिन में दो से तीन बार खाना खाते थे, लेकिन अब बीच- बीच में कुछ न कुछ खाने की आदत बन गई है. अब लोग खाते तो ज्यादा हैं, लेकिन उसके हिसाब से एक्सरसाइज नहीं करते हैं.
डॉ. किशोर के मुताबिक, अब तो जरूरत का कोई सामान खरीदने के लिए बाहर जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती है. इस कारण फिजिकल एक्टिविटी बिलकुल खत्म हो रही है. खानपान का पैटर्न इतना बदल गया है कि रोटी- चावल की जगह अब लोगों को फास्ट फूड खाना ज्यादा पसंद आता है. कुछ लोग तो हफ्ते में कई बार इसको खाते हैं.
कौन सी 3 आदतें बीमारियों का खतरा दोगुना कर देती हैं
ज्यादा मानसिक तनाव
डॉ किशोर कहते हैं कि हर व्यक्ति के जीवन में कभी न कभी उसको मानसिक तनाव होता ही है. ऐसा होना आम बात है, लेकिन अगर ये हर दिन हो रहा है तो फिर इसका सीधा असर आपकी सेहत पर पड़ता है. मानसिक तनाव के कारण कई बीमारियों का खतरा बढ़ता है. अभी तक हुई कई रिसर्च बताती हैं कि मेंटल स्ट्रेस के कारण मोटापा, हाई बीपी, बालों का झड़ना जैसी समस्याएं होने लगती हैं. अगर आप रोज तनाव में रहते हैं तो शरीर में हार्मोन के फंक्शन भी बिगड़ने लगते हैं. जो हार्मोन कम बनने चाहिए वो ज्यादा बनते हैं. इसका शरीर पर गंभीर असर पड़ता है.
यह भी पढ़ें: खाना बनाने में चाकू से फैल रही बीमारियां! FSSAI ने दी चेतावनी, आप भी तुरंत करें ये काम
एक्सरसाइज न करना
अगर आप एक्सरसाइज नहीं करते हैं तो ये मान लें कि 30 के बाद कई बीमारियां आपको घेर सकती हैं. नियमित एक्सरसाइज करने से आप मोटापा, हाई बीपी और हार्ट की बीमारियों से बच सकते हैं. फिजिकल एक्टिविटी करने से एंडोर्फिन (दिमाग में अच्छा महसूस कराने वाले केमिकल) निकलते हैं, जिससे स्ट्रेस, एंग्जायटी और डिप्रेशन का खतरा कम होता है.
रेगुलर मूवमेंट से आपकी याददाश्त सुरक्षित रहती है, सीखने की क्षमता बढ़ती है और उम्र बढ़ने के साथ आपकी सोचने-समझने की क्षमता तेज़ बनी रहती है. एक्टिव रहने से आपको जल्दी और गहरी नींद आती है, और जागने पर आप ज़्यादा ताजा महसूस करते हैं. एक्सरसाइज़ से दिल की मांसपेशियां मज़बूत होती हैं, ब्लड प्रेशर कम होता है और पूरे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है.
यह भी पढ़ें: रोज-रोज इन चीजों को खाना लिवर पर पड़ेगा भारी, घेर सकती है खतरनाक बीमारियां
सिगरेट और शराब की लत
सिगरेट और शराब की लत आपके शरीर को अंदर ही अंदर बीमार बना रहीं हैं. हालांकि शुरुआत में इसका पता नहीं चलता है लेकिन ये आदत लंग्स कैंसर से लेकर लिवर के खराब होने का भी कारण बन सकती है. तंबाकू के धुएं में टार, कार्बन मोनोऑक्साइड और कई कैंसर कारक तत्व होते हैं. स्मोकिंग से फेफड़ों को सीधे नुकसान होता है, जिससे क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी जैसी बीमारियां होती हैं.
बीमारियों से बचना है तो क्या करें
इस बारे में डॉ सुभाष गिरि बताते हैं कि अगर आपको किसी भी बीमारी से बचना है तो सबसे पहले अपना खानपान ठीक करें. सोने और जागने का समय निर्धारित करे. कोशिश करें कि 11 बजे से पहले सो जाएं. देर रात भोजन न करें.रोज कम से कम आधा घंटा एक्सरसाइज करें. मानसिक तनाव न लें. रोज योग और ध्यान करें.