scorecardresearch
 

नोएडा में बड़ा हादसा: छिजारसी में अचानक टूटा 11KV हाईटेंशन तार, स्कूटी जलकर राख, 5 लोग झुलसे

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी में 11 हजार केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया. हादसे में करंट लगने से पांच लोग झुलस गए और एक स्कूटी में आग लग गई. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रवि चौधरी की हालत गंभीर है. पीड़ितों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Advertisement
X
तार अचानक टूटने से हादसा हो गया. File Photo ITG
तार अचानक टूटने से हादसा हो गया. File Photo ITG

नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी इलाके में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया. 11 हजार केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे वहां से गुजर रहे पांच लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए. हादसे के दौरान एक स्कूटी में भी आग लग गई. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है.

सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि छिजारसी में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने और स्कूटी में आग लगने की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-63 पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.

घायलों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है. इनमें रवि चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य चार घायलों की स्थिति सामान्य है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईटेंशन तार अचानक टूटकर नीचे गिरा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई. हादसे की चपेट में आई एक स्कूटी में आग लग गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

घायल पक्ष ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि तार अचानक टूटने से यह हादसा हुआ और यदि समय रहते बिजली लाइन का रखरखाव किया जाता तो इस घटना को टाला जा सकता था.

Advertisement

गौरतलब है कि हाल ही में बारिश के दौरान करंट लगने के बाद गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत का मामला भी सामने आया था. उस घटना के बाद भी बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठे थे. अब छिजारसी की इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. साथ ही बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement