scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: जलती हुई बिल्डिंग से महिला को निकालने का ये वीडियो दिल्ली के मालवीय नगर का नहीं है

सोशल मीडिया पर दिल्ली के मालवीय नगर होटल हादसे के नाम पर एक महिला के रेस्क्यू का वीडियो वायरल हो रहा है. आजतक फैक्ट चेक में वीडियो की हकीकत कुछ और निकली. इस वीडियो में एक महिला ने जलती इमारत से अपने कुत्तों की जान बचाते हुए नजर आई थी.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो दिल्ली के मालवीय नगर में लगी आग का है, जहां ये महिला मुश्किल से अपनी जान बचाती हुई दिख रही है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये फिलीपींस का दिसंबर 2025 का वीडियो है. इस महिला ने एक जलती हुई बिल्डिंग से अपने कुत्तों की जान बचाई थी.

दिल्ली के मालवीय नगर में फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून को भीषण आग लगी जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई. मरने वाले लोगों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे.

अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला किसी जलती हुई बिल्डिंग की बालकनी से नीचे उतरती हुई दिखाई दे रही है. कुछ लोग महिला के लिए सीढ़ी लगाते भी नजर आ रहे हैं ताकि वो आसानी से नीचे उतर जाए.

कुछ लोग इस वीडियो को मालवीय नगर की घटना का बताकर शेयर कर रहे हैं. वीडियो के ऊपर लिखा है, “देखिए किस तरह मालवीय नगर के होटल में लगी आग के बीच फंसी महिला का रेस्क्यू किया गया.” इसे एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “ईश्वर जिन्हें बचाना चाहे, उनके लिए अपने फरिश्ते भेज ही देता है.बचाने वाले का धन्यवाद.”

इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दिसंबर 2025 का फिलीपींस का वीडियो है. इस महिला ने एक जलती हुई बिल्डिंग से अपने कुत्तों की जान बचाई थी. 

Advertisement

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें The Straits Times के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 11 दिसंबर, 2025 को अपलोड किया गया था. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक ये वीडियो फिलीपींस का है, जहां एक महिला ने एक जलती हुई बिल्डिंग में फंसे कुत्तों की जान बचाई थी. 

वीडियो आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं

इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें इस घटना से संबंधित कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं. द स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला फिलीपींस के सीबू में Mandaue शहर का है. यहां एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी, जिसमें इस महिला के दो कुत्ते फंसे हुए थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक , महिला ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से दोनों कुत्तों को नीचे मौजूद फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के पास सुरक्षित तरीके से फेंक दिया था. इसके बाद वो खुद नीचे उतर गई थी. महिला इसी मंजिल पर रहती थी. इस काम के लिए महिला की खूब सराहना भी हुई थी और प्रशासन ने उन्हें सम्मानित भी किया था.

साफ है, वायरल हो रहा वीडियो मालवीय नगर का नहीं है. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement