पुलिस एनकाउंटर में मारे गए खोड़ा हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपी असद के घर पर प्रशासन ने अवैध कब्जे का नोटिस लगा दिया है. साथ ही, 15 दिन के अंदर-अंदर अवैध कब्जा खाली करने का आदेश दिया है.
अब असद के जनाजे का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में किसी जनाजे में शामिल कई सारे लोग नजर आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि ये असद का जनाजा है जिसमें सैकड़ों मुस्लिम शामिल हुए और वहां मौजूद असद के भाई ने कहा कि वो उसकी मौत का बदला जरूर लेगा.
वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “शॉकिंग न्यूज. 17 साल के सूर्य चौहान की बकरीद के दिन चाकू मारकर हत्या करने वाला आतंकी असद के जनाजे पर सैकड़ों मुस्लिम जुटे, और असद का भाई खुलेआम धमकी दे रहा है - बदला जरूर लूंगा.”
आगे इस व्यक्ति ने लिखा, “यूपी पुलिस को इन सब पर नजर रखनी चाहिए. बदला लेने की धमकी बर्दाश्त नहीं होगी” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दिल्ली के वेलकम इलाके का है, जहां मोईन कुरैशी नाम का व्यक्ति अपने भाई अमान कुरैशी के जनाजे में शामिल हुआ था. इसका खोड़ा हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 22 मई के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला. इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये वीडियो सूर्या हत्याकांड से संबंधित नहीं हो सकता है. सूर्या पर 28 मई को चाकुओं से वार किया गया था, बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. और वहीं इस हत्या के मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर 31 मई को किया गया था. वायरल वीडियो इन घटनाओं से पहले का है.
इंस्टाग्राम के इस वीडियो में बताया गया है कि ये दिल्ली के वेलकम इलाके का मामला है, जहां मोईन नाम का एक शख्स अपने भाई के जनाजे में शामिल होने लिए आया था.
इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें बेबाक हिंदुस्तान नाम के यूट्यूब चैनल पर इसकी लाइव कवरेज का लंबा वीडियो मिला. इसके मुताबिक मोईन कुरैशी को पुलिस कस्टडी में दिल्ली के वेलकम कब्रिस्तान में लाया गया गया था, जहां वो अपने भाई अमान कुरैशी के जनाजे में शामिल हुआ.
मौजपुर के रहने वाले अमान की 19 और 20 मई की दरम्यानी रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही अमान के परिवार वाले उसे जीटीबी अस्पताल ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
दरअसल कुछ महीने पहले मोईन कुरैशी ने वेलकम इलाके में फैजान उर्फ फज्जी नाम के एक लड़के की हत्या कर दी थी. इसके बाद से वो जेल में सजा काट रहा है. मोईन के परिवार वालों का आरोप का है कि इसी का बदला लेने के लिए फैजान के परिवार वालों ने मोईन के भाई अमान कुरैशी का मर्डर करवा दिया.
कयास लगाए जा रहे हैं कि अमान की हत्या आपसी रंजिश के चलते हुई है. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
साफ है कि वायरल वीडियो के साथ जो दावे किए जा रहे हैं, वो एकदम बेबुनियाद हैं.