मशहूर गायिका आशा भोसले ने 12 अप्रैल को जब इस दुनिया को अलविदा कह दिया तो श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया. उनकी मौत पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं. उनकी दशकों की असाधारण संगीतमय यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ. चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक शाश्वत दमक थी. उनके साथ हुई मुलाकातों को मैं हमेशा संजो कर रखूंगा. उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. वे पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे"
लेकिन इसी क्रम में सोशल मीडिया पर आगरा की मेयर और बीजेपी नेता हेमलता दिवाकर कुशवाहा का एक ऐसा वीडियो वायरल हो गया जिसको लेकर उनकी जमकर ट्रोलिंग हुई.
वीडियो में वो दिवंगत आशा भोसले को श्रद्धाजंलि देते वक्त हंसते हुए नजर आ रही हैं. उन्हें शायद ये भी ठीक से नहीं पता था कि आशा भोसले हैं कौन? वो अपने पास मौजूद किसी व्यक्ति से पूछती हैं कि क्या वो सिंगर हैं? इतना ही नहीं, श्रद्धांजलि देते वक्त उन्होंने उनका का नाम ही गलत बोल दिया. उन्होंने ‘आशा भोसले’ को ‘आशा घोंसले’ कह दिया था.
इसके बाद तो सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट्स की बाढ़ आ गई जिनमें उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई गई.
ट्रोलिंग इस कदर हुई कि उन्हें फेसबुक पर सफाई भी देनी पड़ी. उन्होंने वायरल वीडियो को फर्जी बताया. लेकिन अपनी सफाई में जो वीडियो उन्होंने पोस्ट किया, उसी में घालमेल है.
उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा - “Actual Video आशा भोंसले जी के निधन पर मेरी श्रद्धांजलि का एक कूटरचित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया गया है. यह वीडियो फेक है और इसमें छेड़छाड़ की गई है. उसी समय और स्थान पर एक मीडियाकर्मी द्वारा बनाया गया वास्तविक वीडियो आप सभी देख सकते हैं. कुछ व्यूज और लाइक्स के लिए इस तरह के कृत्य न केवल मेरी पहचान को क्षति पहुँचाने की नाकाम कोशिश हैं, बल्कि स्वर्गवासी आशा जी का भी अपमान है. ईश्वर ऐसे लोगों को संमार्ग प्रदान करें.”
इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
अब इस वीडियो को देखने पर साफ पता चलता है कि इसमें दो जगह कट लगे हैं. एक कट 4 सेकंड पर लगा है, और दूसरा 26 सेकंड पर. इसमें वो हिस्सा हटा दिया गया है जिसमें उन्होंने ‘आशा भोसले’ की जगह ‘आशा घोंसले’ बोल दिया था. Jan Sandesh Digital Agra के फेसबुक पेज पर हेमलता का वो अनकट वीडियो मौजूद है, जो वायरल हो गया था.
एक पोस्ट में न्यूज पोर्टल ने लिखा कि मेयर हेमलता ने जनसंदेश के वीडियो को एडिट करके खुद को सही साबित करने की कोशिश की है. लेकिन पब्लिक सब जानती है.
इस बारे में हेमलता कुशवाहा का पक्ष जानने के लिए हमने कई बार प्रयास किया और उनके मीडियो सलाहकार और निजी सचिव से कई बार बात भी की. लेकिन मेयर से हमारी बात नहीं हो सकी.
मेयर के फेसबुक पोस्ट पर कमेंट करते हुए कई लोगों ने उन्हें आड़े हाथों लिया और कहा कि उन्हें विनम्र होकर अपनी गलती मान लेनी चाहिए थी और अपनी सफाई में इस तरफ के एडिटेड वीडियो पोस्ट करने से बचना चाहिए था. एक यूजर ने लिखा, “आपको किसी ने अब गलत सलाह दी है. आपको माफी मांगनी चाहिए थी और मामला खत्म था.” उन्होंने अपना बाद में अपना कमेंट सेक्शन भी बंद कर दिया.
साफ है कि आगरा की मेयर ने अपने बचाव में असली बताकर जो वीडियो पोस्ट किया, उसमें काट-छांट की गई है. आशा भोसले का नाम बोलने में उन्होंने सचमुच गलती की थी.