जिस तरह से बॉलीवुड फैन्स को हर फ्राइडे मूवी रिलीज का इंतजार रहता है. ठीक उसी तरह टेलीविजन प्रेमी गुरुवार पर निगाहें टिकाए बैठे होते हैं. ये जानने के लिए कि उनका शो नंबर वन बना या नहीं. ज्यादा माहौल ना बनाते हुए टीवी शोज की वीकली रेटिंग पर आते हैं. जानते हैं कि इस हफ्ते दर्शकों ने किस शो को सबसे ज्यादा प्यार दिया है.
इस हफ्ते भी 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' नंबर वन की पोजिशन पर कब्जा जमाए हुए. मिहिर और नोइना की शादी के ट्रैक ने फैन्स को शो से बांधे रखा. टीआरपी लिस्ट में दो नए शोज की एंट्री हुई है. 'वसुधा' सीरियल को दर्शकों ने नंबर 2 पर पहुंचाया. सरगुन मेहता और रवि दुबे का शो 'गंगा की मां की बेटियां' नंबर 3 पर है. काफी मशक्कत करते हुए 'अनुपमा' सीरियल नंबर 4 पर अपनी जगह बनाए हुए. दर्शकों ने पांचवें पोजिशन पर 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' को रखा है.
एकता को टक्कर देंगे सरगुन-रवि?
'वसुधा' और 'गंगा मां की बेटियां' का टॉप 2 और 3 में पहुंचना बड़ी बात है. कुछ ही महीनों में दोनों शोज ने दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी है. 'गंगा मां की बेटियां' रवि दुबे और सरगुन मेहता का बनाया हुआ शो है. ये कहना गलत नहीं होगा मिया-बीवी की जोड़ी टीवी शोज की किंग बन चुकी है. इससे पहले रवि और सरगुन ने 'उडारियां' जैसा हिट शो प्रोड्यूस किया था. इसके बाद उन्होंने यूट्यूब पर 'दिल को रफू कर ले' और 'लवली लोला' जैसे शोज रिलीज किए. दोनों ही सीरियल्स को दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया.
'वसुधा' और 'गंगा मां की बेटियां' का टीआरपी लिस्ट में आना ये भी बताता है कि दर्शक 'अनुपमा' की कहानी से ऊब चुके हैं. शो में आए दिन नए कैरेक्टर की एंट्री होती है. ट्विस्ट आते हैं, लेकिन बस शो का चार्म वापस नहीं आ रहा है. 'अनुपमा' जैसे लीडिंग शो का टीआरपी लिस्ट में लुढ़कना चिंता की बात है. मेकर्स को नंबर वन पर पहुंचने के लिए तगड़ा दिमाग लगाने की जरूरत है. वरना वो दिन दूर नहीं जब 'अनुपमा' टॉप 5 से भी बाहर नजर आएगा.