नेटफ्लिक्स का शो देसी ब्लिंग इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, लेकिन इसकी वजह सिर्फ लग्जरी लाइफस्टाइल नहीं बल्कि शो में दिखाए गए रिश्ते और सोच भी हैं. दुबई में रहने वाले अमीर भारतीयों की जिंदगी पर बने इस शो ने शादी, पति-पत्नी के रिश्तों और महिलाओं की भूमिका को लेकर बहस छेड़ दी है.
चर्चा में देसी ब्लिंग
इस विवाद के केंद्र में दुबई के अरबपति कपल तबिंदा सनपाल और सतीश सनपाल हैं. दोनों के रिश्ते को लेकर इंटरनेट पर जमकर चर्चा हो रही है.
ये 7 एपिसोड की सीरीज दुबई में रहने वाले अमीर भारतीयों की हाई-प्रोफाइल जिंदगी दिखाती है. शो में टीवी स्टार तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा भी नजर आते हैं, जो दुबई में बसने और वहां के एलीट सर्कल का हिस्सा बनने की कोशिश करते दिखते हैं.
शुरुआत में लोगों ने शो को महंगे फैशन, शानदार पार्टियों और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए देखा, लेकिन बाद में चर्चा का विषय सनपाल कपल का रिश्ता बन गया.
पति के पैर दबाने से मिलता है सुख
शो के पहले एपिसोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इसमें तबिंदा, जिन्हें बिंदा भी कहा जाता है, बताती हैं कि वो रोज सुबह अपने पति सतीश के पैर दबाती हैं क्योंकि उनका मानना है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और लक्ष्मी आती है.
उन्होंने कहा- जब से मैं सतीश के साथ हूं, मैं हर सुबह उनके पैर दबाती हूं. वो राजकुमार की तरह उठते हैं. हिंदू मान्यता के अनुसार अगर पत्नी रोज सुबह पति के पैर छुए तो घर में बहुत लक्ष्मी आती है.
एक और वायरल क्लिप में तबिंदा अपने पति के नाखून काटती नजर आती हैं. वो इसे प्यार, सम्मान और देखभाल की निशानी बताती हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने यही काम तेजस्वी प्रकाश को भी करने के लिए कहा, लेकिन तेजस्वी ने तुरंत मना कर दिया और बोलीं- मैं ये नहीं करने वाली.
यूजर्स को हुई इरिटेशन
इन वीडियोज के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने शो की जमकर आलोचना की. कई लोगों ने कहा कि ये शो पुराने पितृसत्तात्मक विचारों को ग्लैमर के नाम पर बढ़ावा दे रहा है.
इंस्टाग्राम और एक्स पर लोगों ने इसे रूढ़िवादी, महिला विरोधी और बेहद अजीब बताया. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि आज के समय में ऐसे व्यवहार को क्यों सामान्य दिखाया जा रहा है. एक वायरल कमेंट में लिखा था- 2026 में भी पति सेवा? चाहे कितने भी अमीर हो जाओ, पैसे से क्लास नहीं खरीदी जा सकती, लेकिन महिला विरोधी सोच जरूर खरीदी जा सकती है.
विवाद तब और बढ़ गया जब शो में सतीश की नाइटलाइफ और दूसरी महिलाओं के साथ बातचीत दिखाई गई. एक सीन में उन्होंने खुलकर कहा कि उन्हें महिलाओं का ध्यान पसंद है और वो अच्छे कपड़े इसलिए पहनते हैं क्योंकि- अच्छा लगता है ना, लड़कियां देखती हैं.