इस्माइल दरबार हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा म्यूजिक कंपोजर में से एक हैं, जिन्होंने अपने जादुई म्यूजिक से हर किसी का दिल जीता. लेकिन इस्माइल दरबार की जर्नी काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही. करियर के पीक पर उन्होंने काम से दूरी बना ली थी और म्यूजिक बनाना बंद कर दिया था. अब सालों बाद इस्माइल दरबार का सपना उनके बेटे जैद दरबार ने पूरा किया है.
जैद ने करवाया पिता का कमबैक
दरअसल, बीते कई सालों से इस्माइस दरबार म्यूजिक से दूर थे. निजी कारणों के चलते इस्माइल ने काम करना बंद कर दिया था, क्योंकि उनकी फिल्मों के डायरेक्टर्स संग तालमेल नहीं बैठ रही थी. लेकिन सालों बाद जैद दरबार ने पिता इस्माइल दरबार को उनकी कोई हुई पहचान लौटाई है. जैद ने पिता को यूट्यूब चैनल बनाकर दिया है, जहां वो अपना इंडेपेंडेंट म्यूजिक लॉन्च कर सकते हैं.
इंडियन आइडल के मंच पर हाल ही में इस्माइल और जैद दरबार ने फैंस संग ये गुडन्यूज शेयर की. इस्माइल दरबार बोले- मेरा बेटा जैद मुझे बार-बार बोल रहा था कि आप क्यों काम नहीं कर रहे हैं या करना नहीं चाहते हो?
'मैंने बोला कि मिजाज नहीं मिल रहे हैं और मैं जो करना चाहता हूं, वो कर नहीं पा रहा हूं, तो रहने देते हैं. लेकिन फिर जैद ने यू्ट्यूब पर मेरे नाम से एक चैनल बनाया और कहा- आपको अब जो गाना बनाना है बनाओ...यहां किसी का कोई कंट्रोल नहीं है. तब मैं फिर से काम करने की बात पर राजी हुआ. '
इस्माइल दरबार ने कहा कि उनके बेटे जैद उनके यूट्यूब चैनल के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं. जैसे एक बाप अपने बेटे के लिए करता है...लेकिन यहां उल्टा हो गया. बेटा बाप के लिए कर रहा है. पिता से तारीफ सुनकर जैद दरबार इमोशनल हो गए. वो इंडियन आइडल के मंच पर ही रो पड़े.
जैद दरबार ने जिस तरह 20 बाद अपने पिता का कमबैक करवाया है उनके इस अंदाज ने हर किसी का दिल जीत लिया है. फैंस जैद की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं. फैंस और सेलेब्स जैद को एक आदर्श बेटा बता रहे हैं.