एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री ने शोक प्रकट किया. कुछ सेलेब्स तो ऐसे भी सामने आए जिन्होंने दावा किया कि वे जानते थे कि सुशांत क्यों परेशान थे. ऐसे ही एक सेलेब थे शेखर कपूर जिन्हें सुशांत का काफी करीबी बताया गया. शेखर कपूर को भी इस बात का दुख रहा कि वे उनके साथ मुश्किल समय में नहीं थे.
शेखर कपूर का बड़ा ऐलान
लेकिन अब शेखर कपूर इस कमाल के एक्टर को ट्रिब्यूट देना चाहते हैं. वो सुशांत सिंह राजपूत को अपनी अपकमिंग फिल्म पानी डेडिकेट करना चाहते हैं. उन्होंने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है. शेखर ट्वीट कर लिखते हैं- अगर आप भगवान के साथ किसी यात्रा में जुड़ना चाहते हैं, आपको सभी कदम आस्था के साथ आगे बढ़ाने पड़ेंगें. भगवान ने चाहा तो पानी एक दिन जरूर बनेगी. मैं उस फिल्म को सुशांत को डेडिकेट करूंगा. लेकिन ये फिल्म उन्हीं लोगों के साथ बनाई जा सकती है जो इंसानियत दिखाए, ना की घमंड.
If you want to journey with the Gods, or your creativity, you have to walk each step in devotion. In humility. God willing will get made one day. If it does, I will dedicate it to Sushant. But it has to be made with partners that walk in humility, not in arrogance. 🙏🏽🙏🏽🙏🏽
— Shekhar Kapur (@shekharkapur)
पानी में काम नहीं कर पाए सुशांत
अब मालूम हो कि शेखर कपूर की फिल्म पानी को लेकर काफी विवाद रहा है. इस फिल्म में पहले सुशांत सिंह राजपूत को लिया गया था. फिल्म को लेकर सुशांत भी खासा उत्साहित थे. बताया गया था कि सुशांत ने पूरे 11 महीने तक फिल्म के लिए तैयारी की थी, लेकिन शूटिंग कभी शुरू ही नहीं हुई. बाद में खबर आई कि शेखर कपूर और यशराज फिल्म्स के बीच सब ठीक नहीं है. बाद में ये विवाद इतना बढ़ गया कि फिल्म से सुशांत तो बाहर हुए ही, इसके अलावा फिल्म का भी बनना मुश्किल लगा.
लेकिन अब शेखर कपूर का ये ट्वीट विश्वास दिला रहा है कि इस महत्वकांक्षी फिल्म को पूरा किया जाएगा. इस फिल्म में सुशांत की एक्टिंग तो नहीं होगी, लेकिन इसे उन्हें समर्पित जरूर किया जाएगा. ऐसे में हर कोई शेखर कपूर की इस घोषणा से खुश नजर आ रहा है.