मनोरंजन की दुनिया का पासा पलट चुका है. टीवी शोज में राज करने वाले बड़े-बड़े सितारे अब 'कंटेंट क्रिएटर्स' के सामने फीके पड़ते नजर आ रहे हैं. इसका बेस्ट उदाहरण 'लॉक अप' में देखने को मिल रहा है. इस समय यह पूरा शो इंफ्लुएंसर्स के कंधों पर टिका हुआ है. शो को असली मसाला और टीआरपी देने का काम डिजिटल क्रिएटर्स ही कर रहे हैं, जबकि टीवी के नामचीन चेहरे शो में पूरी तरह 'फुस्स' साबित हो रहे हैं.
लॉक अप में छाए क्रिएटर्स
इंफ्लुएंसर श्रेया कालरा ने लॉक अप में तबाही मचाई हुई है. पहले दिन से ही शो में वो सुपर एक्टिव हैं. श्रेया लॉक अप को भर-भरकर कंटेंट दे रही हैं. आकांक्षा चौधरी संग उनके लड़ाई-झगड़ों ने शो को लेकर जबरदस्त बज क्रिएट किया और टीआरपी की बौछार कर दी.
श्रेया फ्रंट फुट पर गेम खेल रही हैं. वो किसी की परवाह नहीं करतीं. हालांकि, गेम में कभी-कभी वो इतना खो जाती हैं कि मर्यादा पार कर देती हैं. मगर श्रेया के दमदार गेम के फराह खान और रितेश देशमुख भी मुरीद हो गए हैं.
बेस्ट एंटरटेनर हैं 'लैला'
वहीं, दूसरी ओर यूट्यूबर वरुण यादव उर्फ लैला लॉक अप 2 के बेस्ट एंटरटेनर बन चुके हैं. लैला के वन लाइनर्स और उनका मस्तीभरा अंदाज फैंस को खूब एंटरटेन करता है. दुबई की पामेला और आकांक्षा चमोला संग लैला की फ्लर्टिंग शो में फ्रेशनेस भरती है. योगेश ने भी शो में काफी धमाल मचाया. मगर अफसोस वो लॉक अप से बाहर हो गए. देखा जाए तो लॉक अप को सबसे ज्यादा टीआरपी और मसाला कंटेंट क्रिएटर्स ने ही दिया है.
फीके पड़े टीवी सितारे
वहीं, दूसरी ओर टीवी के बड़े-बड़े सितारे 'लॉक अप' में बंद होकर फुस्स हो गए हैं. उनमें न गेम खेलने का जज्बा दिखता है और न शो में आगे बढ़ने की चाहत. टीवी पर लाखों दिलों पर राज करने वाली शिवांगी जोशी और धीरज धूपर का फ्यूज तो लॉकअप में पहले दिन से ही बुझा हुआ है. धीरज तो कंफ्यूज ही रहते हैं. उन्हें गेम समझ ही नहीं आता. वहीं, शिवांगी का किसी मुद्दे में कोई स्टैंड ही नहीं है. शो में वो सिर्फ रोते हुए दिखाई देती हैं.
टूरिस्ट बनकर रह गए ये तीन टीवी स्टार्स
पॉपुलर टीवी एक्टर हर्षद चोपड़ा का भी कोई गेम अब तक नहीं दिखा. हर्षद सिर्फ शो में शिवांगी के केयरटेकर बनकर घूमते हैं. श्रेया कालरा ने शिवांगी, हर्षद और धीरज धूपर को टूरिस्ट का टैग दिया है. उनके मुताबिक, ये तीनों स्टार्स शो में सिर्फ वेकेशन मनाने आए हैं. शो देखकर हमारी राय भी श्रेया जैसी ही है.
टीवी के टॉप स्टार राम कपूर भी शुरुआत में काफी ठंडे थे. उनमें गेम को लेकर कोई जज्बा ही नहीं था. कई बार वो घर जाने की रट लगाते दिखे. फराह खान ने राम कपूर की बुझी पर्सनैलिटी शो में चमकाने की बहुत कोशिश की. उन्हें कई बार समझाया. मगर उन्होंने किसी की परवाह नहीं की. हालांकि, बीते चंद दिनों से वो थोड़े एक्टिव हुए हैं.
लेकिन ये पहली बार नहीं है कि जब सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स दिग्गज टीवी सितारों पर भारी पड़े हैं. बिग बॉस में कई दफा हम ये देख चुके हैं. कंटेंट क्रिएटर एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान, मनीषा रानी अपने सीजन के सबसे सॉलिड परफॉर्मर थे. उन्होंने शो में अपने गेम और फैंडम से कई रिकॉर्ड्स ब्रेक कर दिए थे.
इसकी एक वजह ये भी है कि टीवी सितारे कैमरे पर खुलने से हिचकिचाते हैं. वो हमेशा कैमरा कॉन्शियस रहते हैं. जबकि इंफ्लुएंसर्स मस्तमौला होते हैं. वो बिंदास होकर खेलते हैं. किसी की परवाह नहीं करते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि फेमस होने के लिए उन्हें कंटेंट देना ही पड़ेगा. जबकि टीवी स्टार्स पहले से ही फेमस होते हैं. वो अपनी छवि को प्रोटेक्ट करके रखते हैं, इसलिए रियलिटी शो में खुलने से कतराते हैं और इसी वजह से वो पीछे छूट रहे हैं.