scorecardresearch
 

पॉलिटिक्स में भी फिल्मी कहानी! विजय ने ड्राइवर के बेटे को दिया चुनाव का टिकट, याद दिलाया वायरल ऐड

तमिल सुपरस्टार विजय को जनता ने थलपति यानि लीडर का टाइटल दिया था. अब वो अपनी पार्टी के साथ पॉलिटिक्स में उतर चुके हैं. तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए उन्होंने जो कैंडिडेट अनाउंस किए हैं, उनमें से एक उनके पूर्व ड्राइवर का बेटा है. विजय का ये फैसला पब्लिक में खूब चर्चा बटोर रहा है.

Advertisement
X
विजय ने ड्राइवर के बेटे को दिया तमिलनाडु चुनाव में टिकट! (Photo: X/@AVinthehousee)
विजय ने ड्राइवर के बेटे को दिया तमिलनाडु चुनाव में टिकट! (Photo: X/@AVinthehousee)

तमिल सुपरस्टार विजय का तमिलनाडु की पॉलिटिक्स में आना खुद एक फिल्मी स्टोरीलाइन से मेल खाता है, जो साउथ की फिल्मों में खूब पाई जाती है. रविवार को विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने अपने पार्टी कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की. इस लिस्ट में एक ऐसा कैंडिडेट भी है, जिसे टिकट मिलना भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. संडे को अनाउंस हुई TVK की कैंडिडेट लिस्ट में एक नाम विजय के पूर्व ड्राइवर के बेटे का भी है.

ड्राइवर के बेटे को विजय ने दिया चुनाव का टिकट
संडे को विजय ने तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए, राज्य की 234 विधानसभा सीटों के लिए अपनी पार्टी के कैंडिडेट्स अनाउंस किए. इस लिस्ट में सबरीनाथन का भी नाम है, जो विजय के पर्सनल असिस्टेंट राजेंद्रन के बेटे हैं. इससे पहले राजेंद्रन लंबे समय तक विजय के ड्राइवर भी रह चुके हैं. सबरीनाथन को तमिलनाडु की विरुगंबक्कम सीट से टिकट दिया गया है.

सोशल मीडिया पर सबरीनाथन का नाम अनाउंस किए जाने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में नजर आ रहा है कि अपना नाम अनाउंस होते ही सबरीनाथन फफक कर रो पड़े और उनके साथ उनके पिता, राजेंद्रन भी रोते नजर आए. स्टेज पर सबरीनाथन ने विजय के पैर छुए और इमोशनल होकर विजय के गले लगकर रो पड़े. वीडियो में विजय उनके आंसू पोंछते नजर आ रहे हैं.

Advertisement

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'विजय ने अपने ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे को टिकट दिया है, जो उनकी पहली फिल्म के समय से उनके साथ हैं. ईमानदारी आपको बहुत ऊपर ले जाती है.' बहुत सारे यूजर्स ने इस वीडियो को विजय की 'साफ राजनीतिक नीयत' का सबूत भी कहा.

रियल लाइफ मोमेंट ने याद दिलाया विजय का रील लाइफ मोमेंट
विजय का सबरीनाथन और राजेंद्रन के साथ मोमेंट, सुपरस्टार के एक पुराने ऐड की बहुत याद दिला रहा है. 2015 में विजय ने एक मशहूर ज्वेलरी ब्रांड का ऐड किया था, जिसमें वो अपने ड्राइवर की बेटी का अचीवमेंट सेलिब्रेट कर रहे थे.

इस ऐड की स्टोरीलाइन थी कि विजय के ड्राइवर की बेटी ने एक एग्जाम में टॉप किया है, जिसे सेलिब्रेट करने के लिए वो छुट्टी मांगने की फिराक में है. लेकिन विजय उसे काम पर लगा देते हैं और एक ज्वेलरी स्टोर ले जाते हैं. ड्राइवर तब सरप्राइज हो जाता है जब विजय उसकी ही बेटी को ज्वेलरी देकर टॉप करने के लिए सलाम करते हैं.

फिल्मों से लोगों का विश्वास जीतकर और एक बदलाव का चेहरा बनकर विजय राजनीतिक मंच पर चढ़े हैं. उनके एक्शन्स में कई बार ऐसे फिल्मी पैरेलल दिख जाते हैं, जो उनकी कहानियों का हिस्सा रहे हैं. सरकार, काठी और मर्सल जैसी फिल्मों में तो विजय राजनीतिक बदलाव का चेहरा बनकर हिट हो चुके हैं. देखना है रियल पॉलिटिक्स में उनकी पिक्चर कितनी बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित होती है!

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement