scorecardresearch
 

तेज प्रताप का राजनीति से टूटा नाता! पवन-निरहुआ संग शोबिज में ली एंट्री, कमाल दिखाएंगे लालू प्रसाद के लाल?

आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव अब भोजपुरी एंटरटेनमेंट की दुनिया में एंट्री करने जा रहे हैं. पवन सिंह और निरहुआ जैसे स्टार्स के साथ उनका नया शो चर्चा में है. विवादों और राजनीति के बाद अब तेज प्रताप का नया अवतार देखने को मिलेगा.

Advertisement
X
निरहुआ-पवन सिंह संग शो करेंगे तेजप्रताप यादव (Photo: ITG)
निरहुआ-पवन सिंह संग शो करेंगे तेजप्रताप यादव (Photo: ITG)

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. लेकिन इस बार वजह राजनीति नहीं, बल्कि भोजपुरी शोबिज की दुनिया है. राजनीति से दूरी और पार्टी के अंदर लगातार विवादों के बीच अब तेज प्रताप नए अंदाज में एंटरटेनमेंट की दुनिया में एंट्री मारने जा रहे हैं. 

खास बात ये है कि इस सफर में उनके साथ भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह और निरहुआ यानी दिनेश लाल यादव और आम्रपाली जैसे बड़े चेहरे भी नजर आएंगे.

बिहार सरकार में मंत्री रहे तेज प्रताप

तेज प्रताप यादव का नाम बिहार की राजनीति में हमेशा अलग अंदाज और बेबाक बयानों की वजह से चर्चा में रहा है. कभी भगवान शिव के रूप में दिखना, कभी कृष्ण अवतार में बांसुरी बजाना, तो कभी सियासी मंच से अपने ही नेताओं पर तंज कसना- तेज प्रताप ने हमेशा खुद को बाकी नेताओं से अलग साबित करने की कोशिश की.

1987 में जन्मे तेज प्रताप यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के बड़े बेटे हैं. उन्होंने राजनीति में एंट्री के बाद महुआ और फिर हसनपुर सीट से चुनाव जीता. बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी रहे, लेकिन उनका राजनीतिक करियर हमेशा विवादों और बगावती तेवरों के कारण चर्चा में ज्यादा रहा.

Advertisement

विवादों से भी रहा तेज प्रताप का नाता

तेज प्रताप की निजी जिंदगी भी खूब सुर्खियों में रही. साल 2018 में उनकी शादी ऐश्वर्या राय से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद रिश्ते में दरार की खबरें आने लगीं. मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच तलाक की लड़ाई कोर्ट तक पहुंच गई. इसके बाद तेज प्रताप कई बार सोशल मीडिया पोस्ट्स और विवादित बयानों को लेकर भी खबरों में रहे.

राजनीति में कई बार ऐसा भी देखने को मिला जब तेज प्रताप अपनी ही पार्टी और छोटे भाई तेजस्वी यादव की रणनीति से अलग लाइन लेते नजर आए. पार्टी के अंदर उनकी नाराजगी और बयानबाजी ने कई बार आरजेडी की मुश्किलें बढ़ाईं. यही वजह रही कि पिछले कुछ समय से उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका कम नजर आ रही थी.

क्या बवाल मचाएंगे लालू के लाल?

अब तेज प्रताप भोजपुरी एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रख रहे हैं. खबर है कि वह एक बड़े भोजपुरी शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जिसमें पवन सिंह और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ जैसे स्टार्स भी नजर आएंगे. तेज प्रताप की एंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है.

तेज प्रताप पहले भी संगीत और एक्टिंग में दिलचस्पी दिखा चुके हैं. वह कई बार स्टेज पर गाते और म्यूजिकल इंस्ट्रूमैंट्स बजाते नजर आए हैं. ऐसे में अब फैंस को इंतजार है कि क्या राजनीति में बवाल मचाने वाले तेज प्रताप शोबिज की दुनिया में भी वही कमाल दिखा पाएंगे या नहीं.

Advertisement

फिलहाल इतना तय है कि लालू के बड़े बेटे का यह नया अवतार बिहार की राजनीति से लेकर भोजपुरी इंडस्ट्री तक चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है. अब देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप यादव की यह नई पारी दर्शकों को कितनी पसंद आती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement