पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आजम का कुछ वक्त पहले एक वीडियो खूब चर्चा में रहा था. एक इवेंट में वो एक्ट्रेस जुबाब राणा को घूरते हुए दिखे थे. वीडियो वायरल होने के बाद कईयों ने बाबर आजम को ट्रोल किया था, कई लोग दोनों को लिंक करने लगे थे. अब बाबर आजम के बिहेवियर पर खुद एक्ट्रेस जुबाब राणा ने रिएक्ट किया है.
बाबर संग वायरल वीडियो पर क्या बोलीं एक्ट्रेस?
एक शो में एक्ट्रेस जुबाब राणा से क्रिकेटर बाबर आजम संग उनके वायरल वीडियो और लिंकअप की खबरों के बारे में पूछा गया. इसपर जुबाब ने बताया कि उन दोनों के बीच ऐसा कुछ नहीं है.
जुबाब राणा बोलीं- बहुत लोगों ने वो वायरल वीडियो देखा और बाबर के फैंस ने वो खबर बना दी. ऐसी कोई भी बात नहीं थी. जब मैंने वो सब बातें सुनी थीं, तो मुझे बहुत फनी लगी थीं. ऐसा कुछ भी नहीं था.
जुबाब के प्यार में बाबर आजम?
इसपर होस्ट ने जुबाब से पूछा कि आपकी तरफ से नहीं था, लेकिन बाबर आजम की तरफ से लगा था. लोगों ने कहा था कि वो आपको घूरकर देख रहे थे. इसपर एक्ट्रेस बोलीं- मुझे समझ नहीं आया कि उसमें कौन सी ऐसी चीज थी, जो हाईलाइट हो गई. लोगों ने इसका कुछ ज्यादा ही हाइप बना दिया था.
बता दें कि कुछ वक्त पहले बाबर आजम और जुबाब राणा एक इवेंट में साथ शामिल हुए थे. इवेंट में जुबाब का हेयरस्टाइलिस्ट उनके बाल सेट करता दिखा था. ऐसे में बाबर आजम टकटकी बांधकर जुबाब को घूरते दिखे थे. ये वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने एक्ट्रेस को घूरने पर बाबर आजम को खरी-खोटी सुनाई थी. कईयों ने दावा किया था कि शायद बाबर को जुबाब पसंद आ गई हैं. मगर अब खुद जुबाब ने वायरल वीडियो का सच बता दिया है.
जुबाब राणा की बात करें तो वो पाकिस्तानी टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. उन्होंने साल 2017 में एक्टिंग में कदम रखा था. मगर उन्हें पहचान अपने दूसरे सीरियल 'मेरे खुदाया' से मिली. इसके बाद 'बंदिश' शो में भी उन्हें काफी पसंद किया गया था. फैंस का उन्हें काफी प्यार और सपोर्ट मिलता है.