पाकिस्तान की फेमस एक्ट्रेस नादिया जमील को भारत की आइकॉनिक मूवी वीर जारा ऑफर हुई थी. लेकिन उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया था. एक्ट्रेस ने बताया कि जब इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली थी, उसी समय उनके बेटे का जन्म हुआ था. हालांकि उनके पति और ससुरालवालों ने कहा था कि वो जो भी फैसला लेंगी, वो उनके साथ हैं. लेकिन बावजूद इसके नादिया ने यशराज का ऑफर ठुकरा दिया था.
नादिया को हुआ पछतावा?
नादिया एक रमजान ट्रांसमिशन शो में गेस्ट बनकर पहुंची थीं, जहां उन्होंने इसका खुलासा किया. एक्ट्रेस ने बताया कि आखिरकार उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला किया, क्योंकि वो अपने नवजात बेटे के साथ रहना चाहती थीं और उसकी परवरिश में पूरा समय देना चाहती थीं. उन्होंने कहा कि उस वक्त उनके लिए अपने बच्चे के साथ रहना सबसे ज्यादा जरूरी था.
नादिया जमील ने कहा- मुझे वीर जारा का ऑफर आया था. जब बातचीत चली यश चोपड़ा के साथ, उस वक्त मेरी शादी हुई थी. लेकिन मैं प्रेग्नेंट नहीं थी. पर जब तक शूट शुरू हुआ और मुझे कास्टिंग के लिए कॉल आया, तब तक मेरा जो बड़ा बेटा है- राकाए, वो अब 24 साल का हो चुका है माशाअल्लाह, तब वो 3 महीने का था. उस वक्त एक कंफ्यूजन था. मुझे उस वक्त जिस चीज की ज्यादा लत थी ना उसने मुझे खींच लिया था. हालांकि, अम्मी, ससुराल सबने बड़ा सपोर्ट किया.
बेटे के लिए छोड़ी फिल्म
'लेकिन दो चीजें थी- एक तो ये कि मैं करियर बिल्डिंग की तरफ जाऊं. जो कि अच्छी चीज होती है, एक चॉइस होता है वो भी. और दूसरी ये कि मैं किस किस्म की मां बनना चाहती हूं. मैं हमेशा बच्चे के लिए मौजूद रहना चाहती हूं. जब राकाए पैदा हुआ मैं 30 साल की थी, वो मेरे बुढ़ापे की औलाद है. तो मैं बस उसके पास रहना चाहती थी, मुझे ईश्क सा हो गया था उससे, मुझे हर जगह वो ही नजर आता था. मैं उससे दूर होने का सोच भी नहीं सकती थी. मेरे लिए वो बहुत क्लियर फैसला था.'
नादिया जमील ने अपने करियर की शुरुआत 90 के दशक में की थी. उन्होंने 'जाने अनजाने', 'द घोस्ट', और 'दमसा' जैसे कई फेमस ड्रामा सीरियल्स में काम किया है.
बात करें, वीर जारा की- 2004 में आई ये फिल्म हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की किताब में सुनहरे अक्षरों में लिखी जाने वाली फिल्म मानी जाती है. फिल्म में शाहरुख खान, प्रीति जिंटा, रानी मुखर्जी और मनोज बाजपेयी लीड रोल में थे.