अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को काफी ट्रोल किया जा रहा है. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों सदनों में ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन अल्पमत में आ गई है, जिससे यकीनन दिक्कत बढ़ने वाली है. लेकिन इन सबके बीच ट्रंप की चहेती निकी मिनाज ने अपने एक बयान से तहलका मचा दिया है.
मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी की हार के बाद रैपर निकी मिनाज ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चुनावों के नतीजों से उन्हें खुशी नहीं हुई. इतना ही नहीं उन्होंने ट्रंप के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने की बात कही.
मिनाज ने कहा कि आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि ट्रंप अभी भी राष्ट्रपति हैं. उन्होंने 15 प्वॉइन्टर्स की लिस्ट गिनाते हुए कहा कि ट्रंप अभी भी राष्ट्रपति हैं. क्वीन अभी भी आपका ऑब्सेशन है. जीसस अभी भी भगवान है. ज्ञान ही ताकत है. सभी विजेताओं को बधाई. सेलिब्रिटीज से लबरेज कैंपेन पर अरबों खर्च करना अभी भी दुख देता है. शायद हमारे लोग जाग जाएं.
बता दें कि ये सब वो बाते हैं, जो उन्होंने पोस्ट करके कही हैं. लेकिन इनमें सबसे ज्यादा चर्चा हुई उनके उस बयान की, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं वोट नहीं करती, वीटो करती हूं.
उनके इस बयान को लेकर अब सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है. लोग इसे तानाशाही का ही एक स्वरूप बता रहे हैं. एक शख्स ने कहा कि इस तरह का बयान देकर निकी ने यह जताने की कोशिश की है कि वह सिर्फ वोट डालकर अपनी राय नहीं देती बल्कि उनका प्रभाव इतना है कि वह राजनीतिक बहस और लोगों की पसंद को प्रभावित करने की ताकत रखती हैं.
निकी शुरुआत से ही ट्रंप और रिपब्लिकन नेताओं के समर्थन में खुलकर सामने आती रही हैं. निकी मिनाज खुद को सिर्फ एक सेलिब्रिटी समर्थक के तौर पर पेश नहीं कर रहीं, बल्कि कह रही हैं कि उनका असर एक वोट से बड़ा है.