कई बार लगता है कि भगवान सारी परेशानी हम आम इंसानों को देते हैं, पर ऐसा नहीं है. शोहरत-दौलत कमाने वाले लोगों की जिंदगी भी आसान नहीं होती है. मलयालम एक्ट्रेस मीरा वासुदेवन इसका बड़ा उदाहरण हैं. एक्ट्रेस ने तीन शादियां कीं, लेकिन उनका कोई भी रिश्ता कामयाब नहीं रहा है. एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने बताया कि तीन तलाक के बाद उनकी लाइफ कैसी गुजर रही है.
मूवी वर्ल्ड मीडिया को दिए इंटरव्यू एक्ट्रेस ने कहा कि उनके लिए तलाक मुश्किल नहीं रहे, क्योंकि वो ये मान चुकी थीं कि ऐसा होने वाला है. वो कहती हैं कि 'मैंने पहले ही मान लिया था कि ये सब होगा. मैंने गलतियां की हैं और मेरे पास छिपाने के लिए कुछ बचा नहीं है. अब मुझे अपनी जिंदगी आगे बढ़ानी है. मैं अभी करियर में बहुत व्यस्त हूं और जिंदगी में बहुत खुश हूं. मैं अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर में हूं.'
नहीं पड़ता फर्क
मीरा का कहना है कि दुनिया उनके बारे में क्या सोचती है. इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है. वो बताती हैं- अनुभवों से हमें जिंदगी की सच्चाई पता चलती है. अगर हम अपनी जगह पर सहज नहीं हैं, तो हम दूसरों से वैलिडेशन मांगने लगते हैं. तब हमें दूसरों की बातें सच लगने लगती हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि किसी को दुख पहुंचाया जाए. बस अपने अनुभवों से सबक लें और आगे बढ़ें.'
एक्ट्रेस ने बताया कि वो कोई भी कदम उठाने से पहले परिवार से सलाह लेती हैं. उन्होंने कहा- अभी भी मैं पिता, मां और बेटे की सलाह पर चलती हूं. बच्चे बहुत होशियार होते हैं. कभी-कभी हमारी बातें सुनकर मेरा बेटा उसका समाधान बता देता है. मैं परिवार के साथ खुश हूं और मेरा करियर भी अच्छा चल रहा है.
एक्ट्रेस की पहली शादी 2005 में विशाल अग्रवाल से हुई थी, लेकिन पांच साल बाद उनका ये रिश्ता टूट गया. 2011 में मीरा ने प्यार को एक और मौका दिया, उन्होंने एक्टर जॉन कोक्केन संग घर बसाया. इस शादी से उन्हें एक बेटा भी हुआ. बेटे के जन्म के बाद 2016 में मीरा की दूसरी शादी भी टूट गई. 2024 में उन्होंने सिनेमेटोग्राफर विपिन पुथियानकम से शादी रचाई, लेकिन ये रिश्ता भी एक साल चला और 2025 में दोनों अलग हो गए.
तीन बार शादियां टूटने के बावजूद मीरा की हिम्मत नहीं टूटी है और आज भी अपनी गलतियों से सीख कर आगे बढ़ना जानती हैं.