भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अक्सर अपने गानों और फिल्मों को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है. हाल ही में पटना में आयोजित एक भव्य इवेंट में खेसारी शामिल हुए थे, जहां उनके साथ मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव और भोजपुरी की जानी-मानी एक्ट्रेस नीलम गिरी भी मौजूद थीं. इस दौरान खेसारी लाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
हाल ही में बिहार की राजधानी पटना में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जिसमें ग्लैमर और सोशल मीडिया की दुनिया के बड़े नाम एक साथ नजर आए. भोजपुरी सिनेमा के 'हिट मशीन' कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव के साथ बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव की मौजूदगी ने फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया था.
खेसारी लाल का वीडियो हुआ वायरल
इस इवेंट में इन सितारों को देखने के लिए हजारों की संख्या में फैंस उमड़े थे, लेकिन इसी भीड़ के बीच एक ऐसी घटना घटी जिसने सुर्खियां बटोर लीं. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि खेसारी लाल यादव परफॉर्म के बाद कुर्सी पर पानी पीने बैठते हैं. इसी बीच उनका एक क्रेजी फैन अपने पसंदीदा स्टार के साथ एक सेल्फी लेने के लिए उनके बिल्कुल करीब पहुंच जाता है. जैसे ही फैन ने फोन आगे बढ़ाया, खेसारी ने झटके से अपने हाथ से उसे धकेल दिया.
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, यूजर्स के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. खेसारी लाल यादव के इस व्यवहार को लेकर लोग दो गुटों में बंट गए हैं. जहां कुछ लोग इसे सेलिब्रिटी का 'एटीट्यूड' और फैंस का अपमान बता रहे हैं, वहीं खेसारी के कट्टर समर्थक उनका बचाव कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'खेसारी को घमंड हो गया है.' वहीं एक यूजर ने लिखा, 'बहुत गलती करी खेसारी भाई.'
पटना में हुआ भव्य इवेंट
इस पूरे वाकये के दौरान बिग बॉस कंटेस्टेंट नीलम गिरी भी वहीं मौजूद थीं, जिससे इस घटना को और ज्यादा कवरेज मिल गई. हाथ से धक्का देने वाली इस क्लिप ने खेसारी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना यह होगा कि क्या खेसारी इस वायरल वीडियो पर अपनी कोई सफाई देते हैं या नहीं.