
अमेरिका के सियासी माहौल में फिर से हंगामा बरपा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर विवादों में हैं. पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने ट्रंप पर रेप का आरोप लगाया है.
बीट्रिस का कहना है कि ट्रंप ने 1993 में न्यूयॉर्क के एक होटल में उनके साथ जबरदस्ती की थी. तब वो 24 साल की थीं. बीट्रिस ने अमेरिकी संसद की हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के सदस्यों को अपनी आपबीती सुनाई.
केउल का दावा है कि ट्रंप ने उनके साथ क्रूरता की थी. उनके साथ जबरदस्ती की, उनके कपड़े फाड़ डाले. इस दौरान उन्हें चोटें भी आईं और काफी ब्लीडिंग हुई. ट्रंप पर लगे इन आरोपों ने सनसनी मचा दी है. हालांकि व्हाइट हाउस ने केउल के दावों को सरासर गलत बताया है. दूसरी तरफ, इंटरनेट पर अमेरिकी राष्ट्रपति पर गंभीर आरोप लगाने वाली बीट्रिस क्यूल को सर्च किया जा रहा है. जानते हैं उनके बारे में...
कौन हैं बीट्रिस केउल?
बीट्रिस स्विट्जरलैंड की पूर्व मॉडल हैं. वो कई ब्यूटी पेजेंट्स का हिस्सा रह चुकी हैं. उन्होंने 1992 में मिस स्विट्जरलैंड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. फिर मिस यूरोप प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई. मॉडलिंग फील्ड में अपना नाम बना चुकीं बीट्रिस ने फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में भी काम किया है.
बीट्रिस ने क्या आरोप लगाए?
बीट्रिस के मुताबिक, नवंबर 1993 में वो न्यूयॉर्क में एक ब्यूटी पेजेंट में शामिल होने गई थीं. बीट्रिस को डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में शामिल होने के लिए बुलाया था. ये ब्यूटी कॉन्टेस्ट अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में आयोजित हुआ था. केउल का आरोप है कि डोनाल्ड ट्रंप, जेफरी एपस्टीन और कुछ अन्य लोगों ने इस पेजेंट को युवा लड़कियों को अपना टारगेट बनाने के लिए यूज किया था. कॉम्पिटिशन 16- 22 साल की लड़कियों के लिए रखा गया था.

इस दौरान न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में उनकी मुलाकात ट्रंप से हुई थी. तब ट्रंप होटल के मालिक थे. बीट्रिस का आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें अमेरिका का वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन दिलाने में मदद करने का भरोसा दिलाया था. इस संदर्भ में केउल जब ट्रंप से होटल में मिली तो उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे खौफनाक दिन देखा. केउल का आरोप है कि ट्रंप ने होटल रूम में उनके साथ दुष्कर्म किया.
ये सब होने के बाद ट्रंप ने उन्हें वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन का हवाला देकर चुप रहने को कहा था. केउल ने ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लिया और स्विट्जरलैंड लौटीं. बाद में ट्रंप ने जब मदद का ऑफर दिया, तो केउल ने इसे सिरे से ठुकरा दिया था.