scorecardresearch
 

Maamla Legal Hai 2 Review: हंसाते-हंसाते गंभीर मुद्दे सुलझाती है 'मामला लीगल है 2', रवि किशन जीतेंगे दिल

'मामला लीगल है' का सीजन 2 रिलीज हो गया है. नेटफ्लिक्स पर आते ही इस सीरीज ने धूम मचा दी है. शो की पुरानी कास्ट फिर लौट आई है और पहले की ही तरह सबका मनोरंजन करने को तैयार है. इसे देखने से पहले रवि किशन, निधि बिष्ट और अंजुम बत्रा स्टारर इस सीरीज का रिव्यू पढ़ लीजिए.

Advertisement
X
दिल खुश कर देगी 'मामला लीगल है 2' (Photo: Netflix)
दिल खुश कर देगी 'मामला लीगल है 2' (Photo: Netflix)
फिल्म:मामला लीगल है सीजन 2
3/5
  • कलाकार : रवि किशन, निधि बिष्ट, अनंत जोशी, अंजुम बत्रा
  • निर्देशक :राहुल पांडे

2024 में आई रवि किशन की मल्टीस्टारर कॉमेडी कोर्टरूम सीरीज 'मामला लीगल है' ने सभी का दिल जीता था. इसमें स्टायर, हंसी-मजाक, पगलपंती और वकीलों के सामने आने वाले अजब-गजब केस की कहानी दिखाई गई थी. अब 'मामला लीगल है' का सीजन 2 रिलीज हो गया है. नेटफ्लिक्स पर आते ही इस सीरीज ने धूम मचा दी है. इसके साथ शो की पुरानी कास्ट फिर लौट आई है और पहले की ही तरह सबका मनोरंजन करने को तैयार है.

सीरीज के सीजन 2 की शुरुआत वी डी त्यागी (रवि किशन) के जज बनने से होती है. अपने वकील के रोल को दमदार तरीके से निभाने के बाद त्यागी जी की तरक्की हो गई है. मगर जज बनती ही उन्हें खुद जज होना पड़ जाता है. शुरू में ही त्यागी को समझ आने लगता है कि कोर्ट का जज होना उतना आसान नहीं है, जितना उसे लगता था. यहां काम के भार से ज्यादा आपको दूसरों की नजरों का भार महसूस करना होगा. प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज बन चुके त्यागी अपने पुराने साथी वकीलों की स्माइल क्या कर देते हैं, बवाल ही मच जाता है. इसके बाद उनको पता चलता है कि जज हमेशा 'सड़ा-सा' मुंह बनाकर क्यों घूमते हैं. उनके एक सीनियर जज साथी उन्हें समझाते हैं कि जज हमेशा ट्रायल पर रहता है.

Advertisement

मजाक के साथ भरी है गंभीरता

कोर्ट के छोटे दिखने वाले बड़े कामों को करने में त्यागी के पसीने छूटते हैं, तो उन्हें अपनी वकालत के दिनों की याद भी आती है. दूसरी तरफ त्यागी के खाली हो चुके चेम्बर में अब सुजाता नेगी (निधि बिष्ट) की एंट्री हो गई है. मिंटू जी (अंजुम बत्रा) के साथ चेम्बर शेयर कर रहीं सुजाता की पहले ही दिन लड़ाई हो जाती है. दोनों के बीच घमासान छिड़ जाता है कि आखिर चेम्बर के बोर्ड पर किसका नाम होगा. दोनों के बीच मुकाबला शुरू होता है, आगे चलकर थोड़ा रोमांटिक-सा मोड़ ले लेता है.

सुजाता और मिंटू की एक तरफ चल रही है तो वहीं एनी यानी अनन्या श्रॉफ (नैला ग्रेवाल) और विश्वास पांडे (अनंत जोशी) की दोस्ती भी आगे बढ़ चुकी है. मगर इसे प्यार का नाम दिया जाए या नहीं, ये बात अभी भी दोनों के मन में साफ नहीं हो रही. लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि वो 'एडवेंचर' पर नहीं जा सकते. जूनियर वकील लॉ (अमित विक्रम पांडे) और ऑर्डर (विक्रम प्रताप) को पहले सीजन से ज्यादा स्क्रीनटाइम और डायलॉग मिले है. दोनों को देखना काफी एंजॉयबल रहा.

'मामला लीगल है 2' में रवि किशन का काम जज त्यागी के रोल में कमाल है. वो अपनी चतुराई से आपका दिल भी खुश करते हैं और अपने रोल की गंभीरता से आपकी आंखें नम भी. सुजाता और मिंटू के रोल में निधि बिष्ट और अंजुम बत्रा का काम भी अच्छा और दोनों की केमिस्ट्री भी कमाल है. निधि बिष्ट में कुछ तो बात है, वो जब भी स्क्रीन पर आती हैं उन्हें देखकर मजा आ जाता है. नैला और अनंत की दोस्ती और परफॉरमेंस भी काफी बढ़िया है. अनंत जोशी, विश्वास के रूप में मजेदार हैं. इसके अलावा भी शो में निरहुआ, कुशा कपिला और बृजेन्द्र काला जैसे कई बेहतरीन कलाकारों ने अपने रोल्स को बखूबी निभाया है. एक्टर दिब्येंदु भट्टाचार्य को रवि किशन संग स्क्रीन स्पेस शेयर करते देखना बहुत बढ़िया था. उनका किरदार और काम दोनों ही कमाल हैं.

Advertisement

 

'मामला लीगल है' सीजन 2 आपको हंसाता है. साथ ही देश में होने वाली चीजों पर तंज भी कसता है. यहां पुलिसवालों के साथ स्कैम हो रहा है, इंसान की गलती का ठीकरा भगवान के सिर फोड़ा जा रहा है, लड़कियों की हैरेसमेंट की शिकायत पर FIR हो जा रही है, मगर लड़कों के लिए कानून के पास कुछ है ही नहीं. सास-बहू के झगड़े में बेटा पिसा जा रहा है. इस सबके अलावा आपको एक कोर्ट के जज की परेशानियां और दुविधा भी देखने को मिलती है. जजों को भी ब्लड प्रेशर की दिक्कत होती है. वो भी लोगों की बातें सुनकर झुंझलाते हैं. और एक इंसान की किस्मत का फैसला करने में उनके भी पसीने और आंसू निकल पकड़ते हैं.

इस सीरीज में कुछ बढ़िया जोक्स है, जो आपको हंसाते हैं. कुछ ऐसे भी हैं, जिनके आपके ऊपर कोई असर नहीं होता. कुछ पल ऐसे भी आते हैं, जो काफी प्रिडिक्टेबल हैं. मगर आप इन कुछ कमियों को इग्नोर करें तो अंत में आपको मजा आएगा. क्या पता आपकी आंखें भी नम हो जाएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement