'केजीएफ' स्टार यश इस साल अपनी सबसे बड़ी और चर्चित फिल्म टॉक्सिक आखिरकार ला ही रहे हैं. लंबे इंतजार के बाद फाइनली ये फिल्म 26 अगस्त को वर्ल्डवाइड रिलीज हो रही है. इतनी बड़ी पैन इंडिया फिल्म को देखने के लिए लोगों के बीच क्रेज भी जोरदार है. टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग इस बात का सबूत भी है.
टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू हो चुकी थी. चंद घंटों में यश की फिल्म ने 85 हजार के करीब टिकट बेच डाले थे. फिल्म का फर्स्ट डे ग्रॉस कलेक्शन करीब 4 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका था. लेकिन उसके बाद जो कुछ हुआ, उसकी कल्पना भी कोई नहीं कर सकता है.
48 घंटों में टॉक्सिक ने दिखाया अपना दम
बीते दिन 22 अगस्त की देर रात तक, यश की फिल्म ने देशभर में करीब 4 लाख टिकट बेच डाले हैं. इससे फिल्म का फर्स्ट डे ग्रॉस कलेक्शन 16.88 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. अगर ब्लॉक्ड सीट्स की बात करें, तो 25.6 करोड़ रुपये तक का ग्रॉस कलेक्शन टॉक्सिक ने एडवांस बुकिंग के खुलने से 48 घंटों के अंदर-अंदर कर डाला है.
फिल्म को रिलीज होने में पूरे तीन दिन बाकी हैं, और बुक माई शो जैसे टिकट सेलिंग प्लेटफॉर्म पर हर घंटे हजार टिकट बेचे जा रहे हैं. टॉक्सिक की सबसे ज्यादा कमाई कन्नड़ भाषा में हो रही है. चूंकि यश कन्नड़ सिनेमा के सबसे बड़े सितारे हैं, वहां उनके फैंस भारी संख्या में हैं इसलिए उस रीजन का कलेक्शन हिंदी के मुकाबले ज्यादा भी है. हालांकि हिंदी में भी टॉक्सिक सॉलिड कमाई कर रही है. इसमें फिल्म ने अभी तक 1 लाख टिकट बेचे हैं, और ब्लॉक्ड सीट्स के साथ 6.42 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.
पुष्पा 2 का टूटेगा रिकॉर्ड?
यश की फिल्म टॉक्सिक जिस रफ्तार से एडवांस बुकिंग में कमाल कर रही है, उससे ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वो हिंदी भाषा में अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. साउथ सिनेमा की तरफ से सबसे ज्यादा टिकट बिक्री और सबसे बड़ी ओपनिंग लेने के मामले में ये रिकॉर्ड टूट सकता है. हालांकि अभी कुछ भी कह पाना मुश्किल है, टॉक्सिक को तीन दिनों के अंदर और बड़ा कारनामा करना होगा.
इसके अलावा रिलीज के दिन ऑन द स्पॉट बुकिंग के मामले में भी जबरदस्त कमाई करनी पड़ेगी, तब जाकर पुष्पा 2 का रिकॉर्ड हिंदी में टूट पाएगा. वैसे टॉक्सिक इस साल धुरंधर द रिवेंज के बाद, बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी ओपनिंग लेने को तैयार है. अब बस फाइनल आंकड़े की देरी है.