गोविंदा और करिश्मा कपूर ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है. दोनों 90s की बेस्ट ऑनस्क्रीन जोड़ी में शुमार किए जाते हैं. पर्दे पर दोनों की जोड़ी को दर्शकों का काफी प्यार और सपोर्ट मिला है. एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने फिल्म 'हीरो नंबर 1' में गोविंदा और करिश्मा कपूर संग स्क्रीन शेयर की थी. अब उन्होंने दोनों स्टार्स को लेकर बड़े राज खोले हैं.
गोविंदा-करिश्मा के लिए क्या बोलीं शगुफ्ता?
एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने सिद्धार्थ कन्नन संग इंटरव्यू में करिश्मा और गोविंदा संग काम करने के एक्सपीरियंस पर बात की. शगुफ्ता ने कहा कि करिश्मा काफी हार्ड वर्किंग हैं, लेकिन उनमें एटीट्यूड प्रॉब्लम है. वहीं, गोविंदा के बारे में शगुफ्ता ने कहा कि वो सेट पर काफी देर से आते थे, लेकिन वो काफी अच्छे और साफ दिल इंसान हैं.
शगुफ्ता ने यह भी बताया कि सुपरहिट फिल्में देने के बावजूद गोविंदा और करिश्मा की जोड़ी का अंत क्यों हुआ? उन्होंने क्यों एक साथ काम करना बंद कर दिया था? करिश्मा-गोविंदा के बारे में शगुफ्ता बोलीं- इंटरेस्ट खत्म हो गया होगा. प्यार-मोहब्बत खत्म हो गया होगा. हीरोइनों के मूड का भी क्या भरोसा और बहुत ज्यादा एम्बीशियस होना भी अच्छा नहीं है. करिश्मा जरूरत से ज्यादा एम्बीशियस थीं. वो बहुत हार्ड वर्किंग थीं, लेकिन उनमें एटीट्यूड भी बहुत ज्यादा था.
शगुफ्ता ने बताया कि करिश्मा काफी मूडी थीं, जो करियर को लेकर गंभीर होने के अलावा हमेशा सही नहीं होता. करिश्मा के एटीट्यूड पर बात करते हुए शगुफ्ता ने खुलासा किया कि उनका एटीट्यूड हर जगह साफ दिखता था.
करिश्मा-गोविंदा के अफेयर पर कही ये बात
एक समय पर करिश्मा और गोविंदा के अफेयर्स के भी चर्चे थे. शगुफ्ता से पूछा गया कि क्या गोविंदा और करिश्मा का सीक्रेट अफेयर था? इसपर शगुफ्ता बोलीं- दिखता तो था. मगर वो आकर कभी बताते नहीं थे. लेकिन दिखता था. उनकी जोड़ी जब तक चली तो चली. पब्लिक ने जब तक देखा उन्हें. बाद में बोर हो गए एक ही हीरोइन के साथ देखकर. ओवरडोज हो गया होगा पब्लिक को भी.
शगुफ्ता से आगे पूछा गया कि क्या गोविंदा की पत्नी सुनीता को उनके करिश्मा संग रिश्ते के बारे में पता था? इसपर शगुफ्ता ने कहा कि हो सकता है पता हो, लेकिन सुनीता ने कभी सेट पर कोई सीन क्रिएट नहीं किया था. न ही उन्होंने कभी पब्लिकली गोविंदा से उनके अफेयर को लेकर कोई सवाल किया था. सुनीता बहुत ग्रेसफुली चीजों को हैंडल करती थीं. शगुफ्ता ने सुनीता के बिहेवियर की जमकर तारीफ की.
शगुफ्ता अली की बात करें तो उन्हें 'हीरो नं. 1', 'बनारसी बाबू' और 'लैला मजनू' जैसी फिल्मों में उनकी कॉमेडी के लिए जाना जाता है. इसके अलावा वो 'संजीवनी', 'ससुराल गेंदा फूल' और 'ससुराल सिमर का' जैसे टीवी सीरियल्स में अपनी दमदार एक्टिंग से भी फैंस का दिल जीत चुकी हैं.